Friday, April 19, 2024
Homeन्यूज़यमुना में सीवर गिरने से रोकने में नाकाम अफसर पर गिरी गाज,...

यमुना में सीवर गिरने से रोकने में नाकाम अफसर पर गिरी गाज, प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को सौंपी जिम्मेदारी

मथुरा। यमुना में गिर रहे नालों के पानी का मामला शासन तक गूंजने और लापरवाही बरतने पर जल निगम के परियोजना प्रबंधक महाराज सिंह पर निलंबन की कार्रवाई होने के बाद अधिकारियों में खलबली मच गई है। फिलहाल इसकी माॅनीटरिंग का काम प्रदूषण विभाग को सौंप दिया है। माना जा रहा है कि प्रदूषण विभाग जो रिपोर्ट सौंपेगा उसके आधार पर कुछ और अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
यमुना में महानगर के नाले लगातार गिर रहे थे, जिसके कारण श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही थीं। इस संबंध में मीडिया द्वारा लगातार समाचार प्रकाशित किये जा रहे थे। जिसे लेकर उच्चाधिकारियों द्वारा शासन को रिपोर्ट भेजी गई। इन रिपोर्ट के आधार पर शासन ने जलनिगम के परियोजना प्रबंधक महाराज सिंह को निलंबित कर दिया।
जल निगम के अधिकारियों ने जलकल तथा निगम के सफाईकर्मियों पर सीवर साफ न करने का आरोप लगाया था, जबकि जलकल के अधिकारियों ने इसे जल निगम की लापरवाही बताया था। दोनों विभागों द्वारा लापरवाही बरतने संबंधी मामले पर सख्त हुए डीएम सर्वज्ञराम मिश्र ने इसकी जिम्मेदारी प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी डा. अरविंद कुमार को सौंपी। उनके द्वारा बुधवार को स्वामी घाट से लेकर बंगाली घाट तक के मैनहॉल का निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा करीब 50 मैनहाॅल देखे गए, जिसमें पाया कि मैनहाॅल साफ थे लेकिन बंगाली घाट पर चलने वाले चार पंप में से सिर्फ एक ही पंप चालू मिला था।
बैठक मेें यमुना कार्य योजना के नोडल अधिकारी एडीएम वित्त एवं राजस्व, प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी, अपर नगर आयुक्त सतेंद्र तिवारी, जीएम जलकल रमेश चंद्र, एई राधेश्याम, यमुना मामले के याचिकाकर्ता व हिन्दूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी आदि मौजूद थे। इस संबंध में क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डा. अरविंद कुमार ने कहा कि यमुना में नालों का पानी गिरने के मामले में माॅनीटरिंग का कार्य हमें सौंपा है। प्रतिदिन हम यमुना में गिर रहे नालों की माॅनीटरिंग कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपेंगे। 22 जनवरी तक प्रतिदिन निरीक्षण कर पता लगाएंगे कि सीवर की सफाई हो रही है या नहीं। नालों के गंदे पानी को साफ कर यमुना में डालने वाले पंप चल रहे हैं या नहीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments