Saturday, December 20, 2025
Home Blog Page 569

रक्षाबंधन पर्व पर कोरोना वायरस का भय भी नहीं रोक सका बहनों के कदम

0

बरसाना। वैश्विक महामारी कोरोना की तीसरी लहर की आश्ांका के बीच भाई-बहन के त्यौहार रक्षाबंधन पर बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए आईं।


रविवार को रक्षाबंधन पर्व पर बहन भाइयों का अटूट प्रेम का त्योहार श्रीजी के धाम बरसाना क्षेत्र में धूमधाम के साथ मनाया गया। कोरोना महामारी भी बहनों के प्यार के आगे बौना नजर आया। वही, घर -घर में बहनों ने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधी तो भाइयों ने भी अपनी प्यारी बहना को गिफ्ट देकर खुश किया।


रक्षाबंधन के इस पर्व को मनाने के लिए सुबह से ही बहन अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके जाने के लिए तैयार हो गई थी। वही प्राचीन परंपरा के चलते बूरा खाने वालों का हुजूम कस्बे में उमड़ पड़ा । रविवार की सुबह से ही घेवर विक्रेता राखी विक्रेताओं की दुकानों पर मेला लगा हुआ था। दुकानों पर ग्राहक लाइन लगाकर सामान खरीदते नजर आए।

फेंचरी गांव पंचायत में विकास के नाम पर 13 लाख रुपए का घपला, सीडीओ ने दिए जांच के निर्देश

0

मथुरा। नगर के समीप फेंचरी गांव के विकास के नाम पर 13 लाख रुपए का घपला सामने आया है। जब ग्राम पंचायत के बैंक खाते से विकास के नाम पर निकले 13 लाख रुपए निकले और धरातल पर विकास कार्य न होने का मामला सामने आया तो प्रशासन में हड़कंप मच गया। मुख्यविकास अधिकारी ने इस मामले में जांच के निर्देश दिए हैं। जांच डीपीआरओ द्वारा की जा रही है।

पिछले दिनों ग्राम पंचायत चुनाव और उसके बाद शासन के निर्देश पर शपथ पद एवं निष्ठा से कार्यकरने की शपथ दिलाने के बाद विकास संबंधी बैठक हुई। इसके बाद फेंचरी गांव की प्रधान रजनी चौधरी ने गांव पंचायत के खातों की जानकारी की गई। जिसमें खुलासा हुआ कि कोरोना काल में जिस वक्त गांव की प्रशासक सचिव नीरज चौधरी थी उस समय ग्राम पंचायत के बैंक खाते से 13 लाख रुपए से अधिक की रकम गांव के विकास के नाम पर निकाली गई थी। लेकिन जब उन विकास कार्यों का मिलान किया गया तो वह धरातल पर विकास कार्य नजर नहीं आए। इस घपले को लेकर ग्राम प्रधान और गांव के लोग भी हैरान रह गए।

इस संबंध में ग्राम प्रधान ने मुख्य विकास अधिकारी से इस घोटले की शिकायत की। इस प्रशासन हरकत में आया। मुख्य विकास अधिकारी ने इस मामले की जांच डीपीआरओ किरण चौधरी को सौंपी है। किरण चौधरी ने मौके पर जाकर ही जांच करना प्रारंभ कर दिया। डीपीआरओ के पहुंचते ही गांव में हलचल मच गई। वहीं मौके पर ग्राम सचिव को भी बुलाया गया जिन पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए। दूसरी तरफ ग्राम सचिव नीरज ने पलटवार करते हुए घपले की शिकायता करने वाली प्रधान के पति पर भी कई गंभीर आरोप लगाते। विवाद की आंशका के चलते जांच अधिकारी ने पुलिस भी मौके पर बुला ली गई।

डीपीआरओ किरण चौधरी ने कहा कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है, जो भी इसमें दोषी होगा। उसे बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल,वह जांच करके इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को जल्द ही दे देंगी।
इससे पहले भी एक अन्य गांव के प्रधान द्वारा ग्राम सचिव नीरज पर आरोप लगाए। गांव में उन्हें सचिव पद पर आसीन न करने की अपील डीपीआरओ से की थी। इस संबंध में एक लिखित प्रार्थना प्रत्र डीपीआरओ को दिया गया था।

मथुरा जेल में बंद भाइयों को रक्षाबंधन पर्व पर बहनों ने बांधी राखी

0

मथुरा। भाई-बहन का पवित्र त्यौहार रक्षाबंधन पर जिला कारागार में बंदी भाइयों को राखी बांधने के लिए पहुंची। बहनों ने अपने भाइयों को राखी बांधकर टीका किया, इतना ही नहीं पुलिस की निगरानी में लगे समय के बाद अपने भाइयों का बहनों ने हाल भी जाना।


जिले के के अलावा पड़ौरी राज्य हरियाणा से भी बहनें सुबह साढे़ आठ बजे ही जिला कारागार के गेट पर पहुंच गई। बहनों ने काफी समय तक कारागार के बाहर अपने भाइयों से मिलने का इंतजार किया। जेल प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद बहनें अपने भाइयों से मिली और उनकी कलाइयों में राखी बांधी और तिलक किया।
छाता और होडल से जिला कारागार पहुंची बहनों ने नियो न्यूज को बताया कि उनका भाई पिछले कई सालों से जेल में बंद है। वह हर साल रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने आती हैं और भगवान से यही प्रार्थना करती हैं कि भाइयों को इस सजा से मुक्ति मिले और परिवार के साथ खुशी से रहें और सुरक्षित रहें।

कारागार के गेट से लेकर बैरक तक जेल प्रशासन की इस दौरान सख्त निगरानी रही। महिला पुलिस की निगरानी में बहनों ने अपने भाइयों के राखी बांधी। वहीं कोविड- 19 के नियमों का पालन करते हुए फेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का भी ख्याल रखा गया।

नगर पंचायतों में ईओ न होने से एक माह से कामकाज ठप्प, सीएम से की शिकायत

0

बरसाना। पूर्व जेल विजिटर लक्ष्मण प्रसाद शर्मा ने कहा कि इसे जिला प्रशासन की लापरवाही कहें या शासन की बेरुखी प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थल नन्दगांव-बरसाना नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारियों के गैर जनपद स्थानान्तरण को करीब एक माह पूरा होने जा रहा है। परन्तु शासन प्रशासन द्वारा दोनों नगर पंचायतों में आज तक ईओ की स्थायी ब्यवस्था को तो छोड़िए कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नही की गई। उन्होंने कहा कि दोनों पंचायतों में ईओ के पद खाली होने से नन्दगांव बरसाना की जनता को ही नहीं बल्कि पंचायत कर्मियों को भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।


पूर्व जेल विजिटर श्री शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे शिकायत पत्र में अवगत कराया कि जिला प्रशासन की उदासीनता के चलते नगर पंचायतों में आज तक ईओ की स्थायी अथवा नियुक्ति नही होने कारण नंदगांव-बरसाना की जनता को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

जनता जन्म,म्रत्यु आदि प्रमाण पत्रों के साथ साथ योगी सरकार द्वारा नगरवासियों के हित में चलाई जा रही अनेक तरह की लाभकारी योजनाओं से वंचित ही नही बल्कि दोनों धार्मिक नगरियों का विकास कार्य भी पूरी तरह से अवरूद्ध हो गया। उन्होंने कहा कि शासन शीघ्र ही नंदगांव-बरसाना की दोनों पंचायतों में अधिशाषी अधिकारियों की व्यवस्था जनता को समस्याओं से निजात दिलाएं।

शव को दफनाने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद, पुलिस की निगरानी में हुआ दफन

0

  • निजी भूमि पर शव दफन करने पहुंचे मृतक के परिजनों का हुआ विरोध
  • कब्रिस्तान में शव को पुलिस की देखरेख में हुआ दफन

बरसाना। निजी जमीन पर शव दफनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दफनाने को लेकर बढ़ते विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप करके कब्रिस्तान पर शव को दफन कराया।


शनिवार को कस्बे के रहने वाले मुंशी शक्का का बीमारी के चलते निधन हो गया। मृतक मुंशी शक्का के परिजन शव को दफनाने के लिए बृषभान कुंड पर खाली पड़ी जमीन पर ले गये। मृतक के स्वजन शव दफनाने के लिए खड्डा खोदने लगे। वहीं सूचना पर जमीन मालिक गोकलेश कटारा एडवोकेट मौके पर पहुच गये। निजी जमीन का हवाला देते हुए शव को दफन नहीं होने दिया।

शव दफन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुच गयी। थाना प्रभारी निरीक्षक आजाद पाल सिंह ने मृतक के स्वजनों को समझाया कि उक्त जमीन कब्रस्तान नहीं है इसलिए निर्धारित जगह पर शव को दफन करें। जिसके बाद पुलिस ने निर्धारित जगह पर शव को दफन कराया।

गोकलेश कटारा एडवोकेट ने बताया कि उक्त जमीन उनकी पैतृक भूमि है। जहां कोई भी शमशान व कब्रस्तान नहीं है। जबरन यह लोग शव को दफन करना चाह रहे थे। एसडीएम गोवर्धन राहुल यादव ने बताया कि उक्त जमीन निजी भूमि है। जहां कोई कब्रस्तान दर्ज नहीं है। वैसे भी पूरे बरसाना में सरकारी रिकॉर्ड में कहीं भी कब्रिस्तान दर्ज नहीं है। रोपवे के पास इन लोगों के शव को दफन करने के लिए सरकारी जमीन पर अस्थाई व्यवस्था है।

कल्याण सिंह ने पहला चुनाव हारने से लेकर बीजेपी के ‘हिंदुत्व’ का पोस्टर बॉय बनने तक सियासी सफर में देखे अनेकों रंग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का लंबी बीमारी के बाद शनिवार रात को निधन हो गया। कल्याण सिंह का जन्म अलीगढ़ के अतरौली में हुआ था। 5 जनवरी 1932 को जन्मे कल्याण सिंह ने बीए तक पढ़ाई की और फिर एक कद्दावर नेता बनने की ओर कदम बढ़ाया, इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह भारतीय जनसंघ में शामिल हुए। 1951 में ही जनसंघ की शुरुआत हो गई और 1952 के चुनाव में पार्टी को 3 सीटें मिलीं। इसके बाद 1962 के लोकसभा चुनाव में जनसंघ को 14 सीटें मिलीं। यानी 5 साल के अंदर ही जनसंघ ने अच्छी ग्रोथ कर ली थी।

हरीशचंद्र श्रीवास्तव ही कल्याण सिंह को ढूंढकर लाए थे

अलीगढ़ से गोरखपुर तक लोधी जाति की अच्छी-खासी आबादी थी। माना जाता था कि यादव और कुर्मी के बाद लोधी ही आते हैं। ऐसे में कल्याण सिंह के व्यक्तित्व के साथ लोधी होने का भी फायदा मिल गया। इसके बाद कल्याण सिंह को कहा गया कि सक्रियता बढ़ाएं और पार्टी को जिताएं, जिसके बाद वह काम पर लग गए। 1962 में पहली बार उन्होंने अतरौली सीट से चुनाव लड़ा। उस समय उनकी उम्र महज 30 साल थी।


अतरौली से लड़ा पहला चुनाव

अतरौली से उन्होंने पहला चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें जीत हासिल नहीं हुई। सोशलिस्ट पार्टी के बाबू सिंह ने उन्हें हरा दिया। लेकिन कल्याण सिंह हार नहीं माने। 5 साल उन्होंने खूब काम किया, पसीना बहाया और फिर चुनाव में उतरे। इस बार कल्याण सिंह जीत गए और बाबू सिंह को जितने वोट मिले थे, उससे भी करीब 5 हज़ार वोट ज़्यादा कल्याण सिंह को मिले। करीब 26 हज़ार वोट। कांग्रेस प्रत्याशी को हराना उस समय बड़ी जीत थी।

भाजपा के टिकट से लगातार जीते कल्याण सिंह

इसके बाद 1969, 1974 और 1977 के चुनाव में भी उन्होंने अतरौली में अपना परचम लहराया। 4 बार लगातार विधायक बने. पहली 3 बार जनसंघ के टिकट पर, चौथी बार जनता पार्टी के टिकट पर। हालांकि, 1980 के विधानसभा चुनाव में कल्याण सिंह की जीत का सिलसिला थम गया। कांग्रेस के अनवर खान के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद नई-नवेली भाजपा के टिकट पर 1985 के विधानसभा चुनाव में कल्याण सिंह ने जोरदार वापसी की। तब से लेकर 2004 के विधानसभा चुनाव तक कल्याण सिंह अतरौली से लगातार विधायक बनते रहे।

दो बार बने यूपी के मुख्यमंत्री

साल 1991 में यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने कल्याण सिंह को पिछड़ों का चेहरा बनाकर राजनीति की प्रयोगशाला में उतार दिया। कल्याण सिंह की छवि पिछड़ों के नेता के साथ-साथ एक फायर ब्रांड हिंदू नेता के तौर पर मजबूत हुई। कल्याण सिंह 2 बार यूपी के मुख्यमंत्री रहे. वह भाजपा के यूपी में पहले सीएम भी थे। पहले कार्यकाल में 24 जून 1991 से 6 दिसम्बर 1992 तक और दूसरी बार 21 सितंबर 1997 से 12 नवंबर 1999 तक मुख्यमंत्री रहे।

‘हिंदू हृदय सम्राट’ थे कल्याण सिंह


‘हिंदू हृदय सम्राट’ कहलाने वाले कल्याण सिंह की गिनती अयोध्या में बन रहे राम मंदिर की नींव प्रशस्त करने वालों में होती है। 6 दिसंबर, 1992 को जब बाबरी विध्वंस हुआ तो उस समय कल्याण सिंह सूबे के मुख्यमंत्री थे। इस घटना के बाद उन्हें सत्ता गंवानी पड़ी, लेकिन कल्याण सिंह ताउम्र कारसेवकों पर गोली नहीं चलवाने के अपने फैसले को सही मानते हुए उस पर अडिग रहे। वह उत्तर प्रदेश की सियासत का केंद्र रह चुके हैं और कई नेता उनका सानिध्य पाकर पनपे हैं. उनका पूरा राजनीतिक करियर कई उतार-चढ़ाव का साक्षी रहा।

तीन बच्चों सहित मां की लाश तालाब में मिलने से फैली सनसनी, आत्महत्या की आशंका

0

प्रयागराज। लालापुर थाना क्षेत्र के गोल्हैया माइंस की खदान के समीप तालाब में महिला और उसके तीन बच्चों की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक लालापुर थाने क्षेत्र के ही बसहाई गांव के रहने वाले हैं। घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतकों की पहचान कर ली गई है। शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज और छानबीन शुरु कर दी है।

लालापुर थाना के बसहाई गांव निवासी रेनू देवी (30) पत्नी शिवकरन यादव, कल्पना (15) पुत्री शिवकरन यादव, सरोज उर्फ कल्लू (10) पुत्री शिवकरन यादव, गोलू (9) पुत्र शिव करन यादव की लाश लालापुर माइंस की खदान में मिली है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। भीड़ जुटने पर चारों की पहचान बसहाई गांव निवासी शिवकरन यादव की पत्नी और बच्चों के रूप में की गई।

गोलू का शव दो घंटे बाद बरामद किया जा सका। घटना की जानकारी होते ही तालाब के चारों तरफ बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लाशों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकला जा सका। गोलू की लाश करीब दो घंटे तक गहन खोजबीन के बाद बरामद की जा सकी। पुलिस ने चारों लाशों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जांच पड़ताल शुरु कर दी है। पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों से भी पूछताछ करने में लगी है। अभी तक घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

लाइव अपडेट: कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ पहुंचे पीएम मोदी, अलीगढ में होगा अंतिम संस्कार

0


लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार रात को लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वह बीते चार जुलाई से अस्पताल में भर्ती थे। डॉक्टरों ने बताया कि सेप्सिस और मल्टी ऑर्गन फेल हो जाने के कारण उनका निधन हुआ है। वह 89 वर्ष के थे।

कल्याण सिंह से आवास पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ पहुंचे। यहां पहले से ही बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उनके आने की प्रतीक्षा कर रहे थे। एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका अभिवादन किया। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एयरपोर्ट से सीधे लखनऊ स्थित कल्याण सिंह के मॉल एवेन्यू आवास पर पहुंचे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर पुष्प चक्र अर्पित किया।

11 बजे विधानसभा में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर

कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए सुबह 11:00 बजे से विधानसभा में उनके पार्थिव शरीर को रखा गय। दोपहर 12:30 बजे भाजपा प्रदेश पार्टी कार्यालय में लोग श्रद्धा सुमन अर्पित कर सकेंगे। इसके बाद 2:30 बजे पार्थिव शरीर को बापू भवन ,महाराणा प्रताप, चारबाग, आलमबाग होते हुए चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट ले जाया जाएगा, जहां से एयर एंबुलेंस के माध्यम से पार्थिव शरीर अलीगढ़ स्थित उनके पैतृक निवास ले जाया जाएगा।

उत्तराखंड में एक दिन का राजकीय शोक घोषित

उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन के बाद सोमवार को उत्तराखंड में भी एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लगी भीड़

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और अन्य दिग्गज नेता लखनऊ स्थिति आवास पर पहुंचे। स्वामी चिन्मयानंद, राजा भैया, महापौर संयुक्ता भाटिया और विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित, यूपी के डीएम सीएम केशव प्रसाद मौर्य, महेंद्र सिंह, आशुतोष टंडन भी उनके आवास पर पहुंचे। उनके आवास पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है।

लाल कृष्ण आडवाणी ने जताया दुख

भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मेरे करीबी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जी के निधन से मैं काफी दुखी हूं। भारतीय राजनीतिक का चमकता सितारा और जमीनी नेता थे। उन्होंने कमजोर वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए काफी मेहनत की थी जिसके चलते वह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने राज्य के बहुमुखी विकास में काफी योगदान दिया था। मैं राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान उनके साथ अपनी कई बातें याद करता हूं।

आज का पञ्चांग: 22 अगस्त 2021, रविवार

0

ॐ श्रीगणेशाय नम:

आज रविवार को श्रावण सुदी पूर्णिमा 17:33 तक पश्चात् प्रतिपदा शुरु , स्नान – दान – व्रतादि की झूलन श्रावणी पूर्णिमा , ऋषि तर्पण , राखी (भद्रा के बाद ) , विघ्नकारक भद्रा 06:17 तक , कोकिला व्रत अमरनाथ यात्रा दर्शन / पूजन , बलभद्र पूजा (उड़ीसा) , सूर्य सायन कन्या राशि में 27:08 पर , पंचक 07:57 से , यजुर्वेद – अथर्ववेद आदि उपाकर्म , शरद् ऋतु प्रारम्भ ,श्रावण मासीय स्नान – व्रत – यम – नियमादि समाप्त , रक्षाबंधन पर्व , संस्कृत दिवस (श्रावण पूर्णिमा) , श्री हयग्रीव जयन्ती (श्रावण पूर्णिमा ) , भगवान श्रेयांस नाथ जी मौक्ष (जैन , श्रावण पूर्णिमा ) , श्री विष्णु दिग्म्बर पलुष्कर स्मृति दिवस , श्री हरिशंकर परसाई जयन्ती , श्री आर० गुंडू राव स्मृति दिवस , श्री ऋषंग कीशिंग स्मृति दिवस।

  • शक सम्वत- 1943
  • विक्रम सम्वत- 2078
  • मास- श्रावण
  • पक्ष- शुक्लपक्ष
  • तिथि- पूर्णिमा-17:33 तक
  • पश्चात- प्रतिपदा
  • नक्षत्र- धनिष्ठा-19:39 तक
  • पश्चात- शतभिषा
  • करण- विष्टि-06:14 तक
  • पश्चात- बव.
  • योग- शोभन-10:32 तक
  • पश्चात- अतिगण्ड
  • सूर्योदय- 05:53
  • सूर्यास्त- 18:54
  • चन्द्रोदय- 19:11
  • चन्द्रराशि- मकर-07:57 तक
  • पश्चात- कुम्भ
  • सूर्यायण – दक्षिणायन
  • गोल- उत्तरगोल
  • अभिजित- 11:57 से 12:49
  • राहुकाल- 17:16 से 18:54
  • ऋतु- वर्षा
  • दिशाशूल- पश्चिम

कल सोमवार को भाद्रपद बदी प्रतिपदा 16:33 तक पश्चात् द्वितीया शुरु , भाद्रपद माह कृष्णपक्ष शुरु , अशून्य शयन व्रत , पंचक जारी , शक भाद्रपद प्रारम्भ , गायत्री जपम् ,भाद्रपद मासीय स्नान – व्रत – यम – नियमादि प्रारम्भ , श्री टी. प्रकाशम जयन्ती , “राष्ट्रीय रक्षा उद्योग दिवस” ईरान व दास व्यापार और इसके उन्मूलन की याद के लिए अन्तर्राष्ट्रीय दिवस (यूनेस्को)।

  • आचार्य कमलेश पाण्डेय

आज का राशिफल: 22 अगस्त 2021, रविवार

0

मेष (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
आज हर काम में आपको सकारात्मक परिणाम हासिल होंगे। आपका दिन अच्छा रहेगा। सामाजिक क्षेत्र में आपकी सक्रियता बढ़ेगी। किसी पुराने दोस्त से मिलने का योग बन रहा है। इस राशि के मीडिया के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिन बढ़िया रहेगा। आपकी भौतिक सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। सफलता के कई नए मार्ग खुलेंगे। सेहत के लिहाज से आप खुद को तरोताजा महसूस करेंगे।

वृष (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वे, वो)
आज रोजगार के नये अवसर प्राप्त होगें। आपका कोई सोचा हुआ काम पूरा हो जायेगा। इस राशि के छात्रों के करियर में नया बदलाव आयेगा, जो उनके भविष्य के लिए फायदेमंद होगा। आप बेहतर महसूस करेंगे। इस राशि के जो लोग सोशल साइट्स के काम से जुड़े हैं, उनकी जान-पहचान किसी ऐसे व्यक्ति से होगी जो उनको काफी लाभ पहुंचाएगा। बिजनेस के किसी काम से आज आपको बाहर जाना पड़ सकता है।

मिथुन (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
आज आपको कार्य क्षेत्र में लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। आपकी किसी पूरानी समस्या का समाधान निकल सकता है। आर्थिक स्थिति सामान्य बनी रहेगी। आपको दूसरों से अपनी पर्सनल बात शेयर करने से बचना चाहिए, साथ ही जल्दबाजी में कोई फैसला भी ना लें। आपको अपनी सोच और व्यवहार को संतुलित रखने की जरूरत है। आपका दाम्पत्य जीवन मधुरता से भरपूर रहेगा। आप अपना काम अच्छे से पूरा कर लेंगे।

कर्क (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
आज किसी काम में आपको अनुभवी व्यक्ति से मदद मिलने की संभावना है। परिवार वालों के साथ शॉपिंग करने का प्लान बनायेंगे। पैसों का लेन-देन करने से आपको बचना चाहिए। संगीत से जुड़े लोगों के लिए दिन मिला-जुला रहेगा। किसी तरह की पुरानी बातों पर ध्यान देने से आपको बचना चाहिए। दोस्तों के साथ रिश्तों में सुधार आयेगा। आपका स्वास्थ्य बेहतर बना रहेगा।

सिंह (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
आज आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। आप अपना लक्ष्य निर्धारित करने के लिए कोई नई योजना बना सकते हैं। घरेलू समस्याओं को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने में आप सफल होंगे। इस राशि के जो लोग सरकारी नौकरी में हैं, उन्हें कोई अच्छी खबर सुनने को मिलेगी। आपको बड़े अधिकारियों से भी पूर्ण रूप से सहयोग मिलेगा। घर-परिवार में भी स्थिति अनुकूल रहेगी। छात्रों को अपने गुरु से कुछ नया सिखने को मिलेगा।

कन्या (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
आज आप परिवार वालों के साथ हंसी खुशी के पल बितायेंगे। आपका आर्थिक पक्ष पहले से मजबूत बना रहेगा। इस राशि के कॉमर्स के छात्र को अपने शिक्षकों का पूरा-पूरा सहयोग प्राप्त होगा। साथ ही करियर में आगे बढ़ने के नए अवसर भी सामने आएंगे। संतान पक्ष की ओर से आपको सुख की प्राप्ति होगी। आपको पैसे कमाने के लिये नए उपाय मिलेंगे, जिन पर आप गौर भी फरमायेंगे। घर में सुख-शांति बनी रहेगी।

तुला (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज आपका दिन मिलाजुला रहेगा। पारिवारिक मामलों को लेकर आपको थोड़ी भागदौड़ करनी पड़ सकती है। ऑफिस में काम धीमी गति से पूरे होने की संभावना है। बच्चों के साथ आपका समय अच्छा बीतेगा। आप किसी नए काम पर सोच-विचार कर सकते हैं। किसी बात को लेकर भाई से थोड़ी अनबन हो सकती है लेकिन संयम से बात करने पर बात संभल भी सकती है। नए लोगों से मिलने से आपको फायदा हो सकता है।

वृश्चिक (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
आज किसी खास काम में आपको फायदा होगा। भाई-बहन के साथ आपके रिश्ते बेहतर होंगे। जीवनसाथी आपकी बातों से प्रभावित होगें। बिजनेस के मामलों में आपका दिन अच्छा रहेगा। सामाजिक कामों में सफलता मिलने के योग बन रहे हैं। कुछ नए कामकाज आपके सामने आयेंगे, जिनके लिए आपकी कुछ जरूरी लोगों से मुलाकात भी होगी। शाम तक कोई शुभ समाचार मिलने से घर में खुशियों का माहौल बनेगा।

धनु (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। ऑफिस में सभी लोगों के साथ बेहतर तालमेल बना रहेगा। अचानक नए स्रोतों से हुआ धन लाभ आपकी आर्थिक स्थिति को संतुलित कर देगा। आप शाम को किसी समारोह में शामिल हो सकते हैं। किसी पुराने मित्र से मिलकर आपका मन प्रसन्न होगा। लवमेट के लिये दिन फेवरेबल रहेगा। उचित दिशा में की गई मेहनत का आपको पूरा फल मिलेगा।

मकर (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
आज व्यावसायिक कार्यों के लिहाज से दिन बेहतर है। पारिवारिक रिश्ते मजबूत होंगे। थोड़ी-सी मेहनत करके आप अपने उद्देश्यों को आसानी से प्राप्त कर लेंगे। आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हो सकता है। आप हर काम को धैर्य और समझदारी से पूरा करने की कोशिश करेंगे। वैवाहिक जीवन खुशियों से भरा रहेगा। ऑफिस का बढ़िया माहौल आपको खुश करेगा। कुल मिलाकर आज का दिन बेहतर रहेगा।

कुंभ (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
आज आपको अचानक धन लाभ के अवसर भी प्राप्त होंगे। कामकाज से जुड़ी कोई बड़ी चुनौती आपके सामने आयेगी, लेकिन आप उस चुनौती को तुरंत ही पार कर लेंगे। ऑफिस में बॉस आपके काम से प्रभावित होंगे, प्रमोशन होने के भी योग बन रहे है। आपकी तरक्की के नये रास्ते खुलेंगे। परिवार के सब लोग एक-दूसरे की मदद के लिये तैयार रहेंगे। सेहत के मामले में आप खुद को बेहतर महसूस करेंगे।

मीन (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आज परिस्थितियां आपके अनुकूल बनेगी। ऑफिस के काम में आप बिजी हो सकते हैं। समाज में किसी मुद्दे को लेकर आपको अपनी बात दूसरों के सामने रखने का मौका मिलेगा, जिसका प्रभाव कुछ लोगों पर साफ दिखेगा। आपका आर्थिक पक्ष थोड़ा कमजोर हो सकता है इसलिए आपको अपने खर्चों पर कंट्रोल करने की कोशिश करना चाहिए ।परिवार के कुछ मामलों को अनदेखा करने से आपको बचना चाहिए। बाहर का खाने से बचें।

  • पं. प्रदीप गंगोटिया, पीताम्बरा पीठ, दतिया