मथुरा। कृष्णानगर के राधानगर निवासी अनूप सिंह की बेटी कक्षा आठवीं में ग्रेस कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ती है। उसका बुधवार को पेपर था, सुबह नौ बजे पिता बेटी को स्कूल छोड़कर आए। घर पहुंचे तो स्कूल से फोन आ गया कि आपकी बेटी पेपर देने नहीं आई। घबराए पिता स्कूल पहुंचे, सूचना पर कृष्णानगर पुलिस भी स्कूल पहुंच गई। यहां पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो पिता बेटी को स्कूल छोड़ते दिख रहे हैं। उसके बाद बेटी अपनी मां गीताजंलि के साथ जाती दिख रही है। पिता की तहरीर पर मां और दो सालों रवि और बबलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि गीताजंलि और अनूप में पिछले पांच साल से विवाद चल रहा है। इसके कारण गीताजंलि मायके दिल्ली में उत्तमनगर में रह रही है। पिता के साथ बेटी और बेटा रह रहे हैं। बुधवार को स्कूल से गीताजंलि अपनी बेटी को ले गई है। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एक और फर्जी शिक्षिका की नौकरी गई, दर्ज होगी एफआईआर
मथुरा। शिक्षक भर्ती घोटाले में एक और शिक्षिका की सेवा समाप्त कर दी गई है। यह शिक्षिका विकास खंड नौहझील में तैनात थी। खंड शिक्षाधिकारी की जांच में यूपी अध्यापक पात्रता परीक्षा 2011 अन्य पिछड़ा वर्ग का प्रमाण पत्र सत्यापन में फर्जी पाया गया है।
बबीता पुत्री राजेन्द्र सिंह निवासी ज्योतिराज, पोस्ट जैंगारा, जिला आगरा की नियुक्ति बीएसए मथुरा के आदेश पर 21 सितंबर 2015 में सहायक अध्यापक के पद पर उच्च प्राथमिक विद्यालय अहमदपुर विकास खंड नौहझील में की गई थी। शिक्षिका का जून 2017 में वेतन आहरित किया गया था। शिक्षक भर्ती घोटाले का जिन्न निकलकर आने के बाद सभी शिक्षकों की जांच बारीकी से कराई गई। इनके सभी प्रमाणपत्रों की जांच भी कराई गई। कार्यालय स्तर पर हुई जांच कार्रवाई के अंतर्गत पाया गया कि इनके द्वारा उत्तर प्रदेश अध्यापक पात्रता परीक्षा 2011 अनुक्रमांक 04014182 अन्य पिछड़ा वर्ग प्राप्तांक 91 का प्रमाणपत्र प्रस्तुत किया गया था। ऑनलाइन सत्यापन करने पर प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया।
बीएसए चंद्रशेखर ने बताया कि फर्जी शिक्षिका बबीता ने जून 2017 से विभाग से लगातार वेतन प्राप्त किया है। इसके अलावा भत्ते भी लिए हैं। वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा को पत्र भेजकर अध्यापक बबीता के वेतन आहरण पर तत्काल रोक लगा दी गई है। वेतन व भत्तों की रिकवरी की कार्रवाई करने को कहा गया हैं। थाना नौहझील में रिपोर्ट दर्ज करने को लिखा गया है।
कलक्ट्रेट पर गोली चलाने वाले पर पुलिस ने लगाई रासुका
मथुरा। थाना सदर बाजार के अंतर्गत कचहरी के सामने रोड जाम कर हंगामा करते हुए कार में आग लगा फायरिंग करते हुए लोक व्यवस्था भंग करने के आरोपी पर एनएसए लगा दी गई है।
25 सितंबर की शाम कार सवार युवक एक महिला व बच्चे के साथ कचहरी पर आया था। उसने कचहरी के रोड पर सिविल लाइन पुलिस चौकी के सामने अपनी ही कार में आग लगाते हुए फायरिंग शुरू कर दी थी। इससे राहगीरों के साथ ही आमजन व अधिवक्ताओं में भी हड़कंप मच गया था। रोड पर सैकड़ों की संख्या में लोग, अधिवक्ता एकत्र हो गए। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। इसकी जानकारी होने पर भारी संख्या में पुलिस भी पहुंच गई थी। युवक हाथ में खुलेआम पिस्टल लेकर घूम-घूम पर फायरिंग ही नहीं कर रहा था, बल्कि वह पुलिस कर्मियों की ओर भी पिस्टल तान रहा था। एसपी सिटी अशोक कुमार मीना ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुऐ स्थानीय पुलिस प्रशासन ने उसके खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की है।
गोकुल बैराज पर मिला व्यापारी का शव, पुलिस तलाश रही है वजह
मथुरा। गोकुल बैराज के पास यमुना में आगरा के गलीचा कारोबारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महावन पुलिस ने शव को यमुना से निकालकर कब्जे में लिया है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया डूबने से मौत होना बताई जा रही है।
महावन पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली कि गोकुल बैराज के खंभा नंबर 14 के पास एक शव फंसा हुआ। सूचना पर पहुंची महावन पुलिस ने शव को निकालकर कब्जे में लिया। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से पहचान आगरा के विजय नगर की खंडेलवाल कॉलोनी निवासी मनोज मित्तल (42) पुत्र हरिओम मित्तल के रूप में हुई। पेशे से गलीचा कारोबारी सोमवार की सुबह घर से निकले थे, फिर नहीं लौटे। मृतक के मामा ब्रजमोहन गुप्ता ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि वह सोमवार को निकलने के बाद घर नहीं लौटे तो काफी तलाश किया। सुबह पुलिस को फोन आया तो जानकारी हुई।
यूपी में 19 जिलों के बदल दिए बीएसए, कई अफसरों का कार्य क्षेत्र बदला, पढ़िए लिस्ट
बेसिक शिक्षा विभाग ने मंगलवार को नए बेसिक शिक्षा अधिकारियों की तैनाती कर दी। 27 अधिकारियों की तैनाती में फेरबदल किया गया। दिनेश कुमार को लखनऊ का बीएसए बनाया गया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। बीते दिनों कुछ अधिकारियों को प्रोन्नत कर माध्यमिक शिक्षा विभाग में तैनाती दी गई थी। इसके चलते पद रिक्त हो गए थे।


ब्रज में होली के उत्सवों में बरसेगा आनंद का रंग, कब कहां होंगे होली उत्सव देखिए पूरी लिस्ट
ब्रज में 40 दिन होली के उत्सव होते है। शुरूआत बसंत पंचमी से होती है। बरसाने की लठामार, गोकुल की छड़ीमार होली, श्रीकृष्ण जन्मस्थान की फूलों की होली और दाऊजी का हुरंगा इस उत्सव का विशेष आकर्षण है। इस बार होली के उत्सव को विशेष उल्लास के साथ मनाने की तैयारी हो रही है। सीएम योगी आ रहे है ऐसे में इस उत्सव को आकर्षक बनाने के लिए अधिकारी जी-जान से जुटे है।

यमुना में बह आए चार नवजातों के शव, घाट पर मौजूद लोगों ने बुलाई पुलिस
मथुरा के बंगालीघाट पर सोमवार को यमुना में तीन नवजातों और एक भ्रूण को बहता देख सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाविकों की मदद से दो को बाहर निकाला, जो मृत थे। वहीं दो नवजात तेज धारा में बह गए। ये घटना सोमवार दोपहर की है। नमामि गंगे परियोजना में आगरा होटल के सामने बंगालीघाट पर कार्यरत कर्मचारी मुन्ना ने दो नवजात को यमुना में बहते हुए देखा। दोनों नवजात यमुना की तेज धारा में बह गए।
इसके कुछ देर बाद ही दो और नवजात यमुना में बहते हुए आए। यह देखकर यमुना किनारे बैठे लोग हैरान रह गए। लोगों के कहने पर नमामि गंगे के कर्मचारियों ने दोनों को बाहर निकाला। यह भी मृत थे।

गश्त कर रही थी पुलिस तभी जीप कार से भिड़ी, पांच पुलिसवालों समेत सात घायल
रविवार देर रात एसएसआई थाना हाईवे सुंदर सिंह कसाना दो उप निरीक्षक जीप चालक, एक सिपाही के साथ गश्त पर थे ।बताते हैं कि तभी हाइवे पर जय गुरुदेव आश्रम के समीप इको स्पोर्ट्स कार से पुलिस जीप की भिड़ंत हो गई। इस दौरान सभी पांच पुलिसकर्मी समेत सात लोग घायल हो गये। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया। एसएसआई के चेहरे पर चोट आई है। घटना की सूचना मिलने पर देर रात एसपी सिटी सीओ रिफाइनरी आदि ने घायलों का हालचाल जाना। एसपी सुरक्षा ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि की बीती रात ईको कार से पुलिस की गश्ती जीप भीड़ गयी थी। इसमें एसएसआई कसाना, दो दारोगा,दो सिपाही व दो अन्य घायल हो गए।
बरसाने लठामार होली देखने आ रहे है सीएम योगी आदित्यनाथ
बरसाना की लठामार होली देखने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 मार्च को आएंगे। सीएम नन्दगांव से आयी ध्वजा का पूजन भी करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए संस्कृति विभाग से लेकर पर्यटक विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। इस बार विगत वर्षों की अपेक्षा बेहतर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनरायण, ब्रज तीर्थ विकास ट्रस्ट के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, पर्यटन निदेशक एनजी रविकुमार, जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सीईओ नागेन्द्र प्रताप के साथ दर्जनों विभागों के अधिकारियों के साथ बरसाना स्थित रंगीली महल में ग्रामीणों के साथ मीटिंग ली गई। जिसमें सभी विभागों को 25 फरवरी तक होली मेला की तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए गए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगीआदित्य नाथ ने अयोध्या की रामनवमी और बरसाना की लठामार होली भव्य मनाने के साथ विश्व पटल पर पर्यटक के रूप में पहचान दिलाने और उन स्थानों को तीर्थ स्थल का दर्जा देने के बाद राजकीय मेला घोषित कर दिया था। उसके बाद सरकार ने बरसाना नन्दगांव की लठामार होली के लिए देशी विदेशी पर्यटकों को लुभाने के लिए तमाम तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए।
सांस्कृतिक कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने बताया कि इस बार की बरसाना की लठामार होली में मुख्यमंत्री बरसाना आएंगे। सांस्कृतिक विभाग की तरफ से आयोजित होने वाले होली के प्रोग्राम इस बार पहले की अपेक्षा बेहतर किए जाएंगे। विधायक निधि से बरसाना कस्बे में स्थाई रूप से 50 सीसी कैमरे नगर के विभिन्न चौराहों व तिराहों पर लगाए जाएंगे।
कागजों से जर्जर इमारतों के खतरे को रोकेगा प्रशासन
बरसाना। रंगीली गली चैक जो वीआइपी अमला स्थल भी है, इस चौक के चारों ओर जर्जर इमारतों का जाल है। ये जर्जर इमारत कही होली के रंग में भंग न डाल दे। प्रशासन हर बार मेला मीटिंगों में इन भवनों को लेकर महज नोटिस देने की कार्यवाही कर अपने कर्तव्यों की इतीश्री कर लेता है। ये इमारतें सौ से डेढ़ सौ बर्ष पुरानी है जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उपजिलाधिकारी गोवर्धन राहुल यादव ने इस सवाल पर बस इतना कहा कि इस बार जर्जर इमारतों पर किसी को बैठने नहीं दिया जाएगा। सभी जर्जर इमारतों को चिन्हित किया जा रहा है। वहीं होली के दौरान सभी जर्जर इमारतों में ताला लगवा दिया जाएगा।