- मैरिज होम पर आश्रय देने के बहाने किया गैंग रेप
- पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
मथुरा। यूपी में महिलाओं से बलात्कार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। पहले हाथरस, फिर बलराम पुर और अब मथुरा में भी यात्री महिला से गैंग रेप की घटना सामने आई है। गोवर्धन रोड स्थित सतोहा गांव के समीप मैरिज होम पर आश्रय देने के नाम पर देर रात एक यात्री महिला के साथ दो लोगों ने बलात्कार किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। गैंग रेप में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार रात को अलीगढ निवासी 36 वर्षीय महिला अपने देवर, देवरानी और कार ड्राइवर के साथ रिश्तेदार के यहां कांमा जा रहे थे। तभी अचानक इनकी कार गोवर्धन रोड स्थित सतोहा गांव के पास सैनी सेवा सदन मैरिज होम के पास खराब हो गई। मैरिज होम के कर्मचारियों ने रात में इस परिवार को आश्रय दिया। कुछ समय के पश्चात जैसे ही महिला कमरे से पानी लेने के लिए निकली। तभी मैरिज होम की छत से महिला पर नजर रख रह दो लोगों ने उसे छत पर बुला लिया। दोनों ने महिला के साथ दुष्कर्म कर दिया। दुष्कर्म करने के बाद दोनों आरोपियों ने महिला को घटना के बारे में किसी को बताने से मना किया और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़िता हाईवे थाना पहुंची और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर सतोहा निवासी आरोपी नाहर सिंह और जगन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
एसपी सिटी उदय शंकर सिंह ने बताया कि एक परिवार जो कि अलीगढ़ से भरतपुर जा रहा था। रात्रि करीब 9:30 बजे उनकी गाड़ी सतोहा गांव के पास खराब हो गई। वहां स्थित एक मैरिज होम पर जब लोगों ने शरण मांगी तो रात्रि में दो लोगों 2 लोगों ने एक महिला के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है और दूसरे आरोपी को तलाश किया जा रहा है।