Saturday, April 27, 2024
Homeन्यूज़न्यूज़मथुरा समेत ब्रज के धार्मिक स्थलों पर मांस और शराब की बिक्री...

मथुरा समेत ब्रज के धार्मिक स्थलों पर मांस और शराब की बिक्री पर लगेगा प्रतिबंध: योगी

मथुरा। मथुरा और इसके आसपास ब्रज के धार्मिक स्थलों पर मांस और शराब के बिक्री पर रोक लगाई जाएगी। इन कार्यों से जुड़े लोगों को अन्य व्यवसायों में पुनर्वास किया जाएगा। इस सबंध में मथुरा प्रशासन से शासन को प्रस्ताव भेजने को कहा। ताकि विधानसभा में बिल पास होकर कानून का रुप दिया जा सके।


यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मथुरा के रामलीला मैदान में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कहा कि मथुरा के वृन्दावन, गोवर्धन, नन्दगांव, बरसाना, गोकुल, महावन एवं बलदेव में जल्द ही मांस और शराब की बिक्री बंद की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘चार वर्ष पूर्व 2017 में यहां की जनता की मांग पर मथुरा एवं वृन्दावन नगर पालिकाओं को मिलाकर नगर निगम का गठन किया गया था। फिर यहां के सात पवित्र स्थलों को राजकीय रूप से तीर्थस्थल घोषित किया। अब जनता की कामना है कि इन पवित्र स्थलों पर मद्य एवं मांस की बिक्री न की जाए, तो मैं आश्वस्त करता हूं कि ऐसा ही होगा।’’ उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन को अपेक्षित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अच्छा होगा कि जो इस काम में लगे हैं उनके लिए दुग्धपालन के छोटे-छोटे स्टॉल बना दिए जाएं। ’’ ज्ञात हो कि ब्रज के संतों द्वारा यह मांग लंबे समय से चली आ रही है। एकबार फिर संतों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ब्रज के संतों ने इस मांग को रखा था।

हमारा उद्देश्य किसी को उजाड़ना नहीं, व्यवस्थित करना है

उन्होंने आश्वस्त किया, ‘‘ हमारा उद्देश्य किसी को उजाड़ना नहीं है। बस, व्यवस्थित पुनर्वास करना है और व्यवस्थित पुनर्वास के काम में इन पवित्र स्थलों को इस दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। ब्रज तीर्थ विकास परिषद यहां के जन प्रतिनिधियों एवं स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर योजनाएं तैयार करे।’’

ब्रज भूमि को नए कलेवर के साथ होगा विकास

योगी आदित्यनाथ ने कहा,‘‘ ब्रज भूमि को पुन: नए कलेवर के साथ विकास की दिशा में ले जाना है। विकास के लिए हम कहीं कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। और आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक विकास भी हो, यही हमारी विरासत है।उसे हमें सहेजना है।’’

पहले की सरकारों को मंदिरों में दर्शन करने में रहता था भय

उन्होंने कहा, ‘‘रामनाथ कोविंद आज़ादी के बाद देश के पहले राष्ट्रपति हैं जिन्होंने रामलला के दर्शन किए हैं। इसी प्रकार, नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री थे जिन्होंने अब तक रामलला के दर्शन किए हैं। यानि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हमारे इन सभी देव विग्रहों की पूजा करने, दर्शन करने में पहले की सरकारों को भय रहता था कि कहीं उन पर साम्प्रदायिक होने का लेबल न लग जाए।’’

मोदी के नेतृत्व में भारत अगड़ाई ले रहा है

वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ लेकिन अब मोदी जी के नेतृत्व में जो नया भारत अंगड़ाई ले रहा है उसमें बहुत बड़ा परिवर्तन आया है। इसी के कारण जो लोग पहले मंदिर जाने में भी संकोच करते थे, अब कह रहे हैं कि राम तो हमारे भी हैं, कृष्ण हमारे भी हैं। ये है परिवर्तन, अब होड़ लगी है। ’’

हिन्दू त्यौहारों पर लगा दी जाती थी बंदिशें

उन्होंने कहा, ‘‘पहले हिन्दू पर्व और त्यौहारों पर बधाई देने के लिए न कोई विधायक आता था, न मंत्री आता था, न कोई मुख्यमंत्री आता था। भारतीय जनता पार्टी के जन प्रतिनिधियों को छोड़ दें तो शेष दलों के लोग दूर भागते थे।’’ मुख्यमंत्री ने उस स्थिति का वर्णन करते हुए कहा, ‘‘उल्टे पर्व और त्यौहारों में अलग से बंदिशें लगा दी जाती थीं। अब ऐसा कोई अंदेशा नहीं।’’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments