मुंबई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप के कोरोना पॉजिटिव होने की खबरों के बाद दुनियाभर के शेयर बाजार धड़ाम हा गए हैं। एशियाई बाजारों में जापान का प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स निक्केई 1 फीसदी से ज्यादा टूट गया है। वहीं, चीन का प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स शंघाई और ऑस्ट्रेलिया का एएसएक्स 200 इंडेक्स दो फीसदी से ज्यादा टूट गए है। आपको बता दें कि भारतीय शेयर बाजार आज 2 अक्टूबर यानी गांधी जंयती के चलते बंद है। अब सोमवार यानी 5 अक्टूबर को इनमें कारोबार शुरू होगा।
यूरोपीय बाजारों में भी भारी गिरावट की आशंका
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कोरोना पॉजिटिव होने की खबरों के बाद अमेरिकी शेयर बाजार के प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स डाओ जोंस फ्यूचर में 500 अंक से ज्यादा की गिरावट आई। साथ ही, 10 साल के ट्रेजरी बॉन्ड्स की यील्ड में भी गिर गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यूरोपीय बाजारों की शुरुआत भी लाल निशान में हो सकती है। ब्रिटेन का बेंचमार्क इंडेक्स एफटीएसई, फ्रांस का सीएसी और जर्मनी का प्रमुख इंडेक्स डीएएक्स बड़ी गिरावट के साथ खुल सकते है।
क्यों आई गिरावट
विशेषज्ञों का कहना है कि दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में कुछ भी होता है तो उसका असर पूरी दुनिया पर दिखता है। ऐसे में अमेरिका में आने वाले दूसरे राहत पैकेज की उम्मीदों को झटका लगा है। इसीलिए ग्लोबल मार्केट में गिरावट गहरा गई है।