Sunday, May 11, 2025
Homeन्यूज़एस.एस.पी. डा. गौरव ग्रोवर ने नारी शक्ति को बताए आत्मरक्षा के गुर,...

एस.एस.पी. डा. गौरव ग्रोवर ने नारी शक्ति को बताए आत्मरक्षा के गुर, के.डी. मेडिकल कालेज में हुआ मिशन शक्ति- नारी सुरक्षा, नारी सम्मान पर कार्यक्रम

मथुरा। के.डी. मेडिकल कालेज के सभागार में मंगलवार को शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मिशन शक्ति- नारी सुरक्षा, नारी सम्मान पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मथुरा के एस.एस.पी. डा. गौरव ग्रोवर ने के.डी. मेडिकल कालेज की छात्राओं, डाक्टर्स तथा नर्सिंग स्टाफ को आत्मरक्षा के गुर बताने के साथ ही शासन द्वारा निर्धारित हेल्प लाइन नम्बरों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारम्भ एस.एस.पी. डा. गौरव ग्रोवर, के.डी. मेडिकल कालेज के चेयरमैन मनोज अग्रवाल, कालेज के डीन डा. रामकुमार अशोका, शिशु शल्य चिकित्सक श्याम बिहारी शर्मा, डा. हरमीत, डा. शालिनी गांधी द्वारा मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर एस.एस.पी. डा. गौरव ग्रोवर ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने को पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। डा. ग्रोवर ने छात्राओं से कहा कि यदि आपके साथ किसी तरह का अमर्यादित व्यवहार किया जाता है तो उसे छिपाने की बजाय सीधे वूमेन पॉवर लाइन या 112 नम्बर पर तत्काल फोन कर सहायता लें। डा. ग्रोवर ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए शासन द्वारा कई तरह की सेवाएं चलाई जा रही हैं। प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क होती है, वहां महिला पुलिस की तैनाती होती है ऐसे में वह अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को मुख्यमंत्री हेल्प लाइन 1076 सेवा की भी जानकारी दी।
डा. ग्रोवर ने कहा कि उतर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर पहल की है, वह अपने आपमें बेमिसाल है। नारी शक्ति की सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश में जो पहल हुई है उससे निश्चित तौर पर महिलाओं की सुरक्षा होगी और महिलाएं निडर होकर अपने प्रगति पथ पर चल सकेंगी। डा. ग्रोवर ने के.डी. मेडिकल कालेज की व्यवस्थाओं को भी सराहा।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डा. श्याम बिहारी शर्मा ने कहा कि सनातन समय से हमारे देश में नारी शक्ति का सम्मान हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवरात्र के अवसर पर नारी सुरक्षा की जो पहल की है, वह वाकई स्वागत योग्य है। कालेज के डीन डा. रामकुमार अशोका ने कहा कि छात्राओं को निडर होकर तालीम हासिल करनी चाहिए। के.डी. मेडिकल कालेज उनकी हर तरह की सुरक्षा करने में सक्षम है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चंद्र, नायब तहसीलदार छाता राखी शर्मा, सी.ओ. छाता जगदीश कालीरमन, प्रशासनिक अधिकारी अरुण अग्रवाल, इंस्पेक्टर छाता रवि त्यागी तथा बड़ी संख्या में डाक्टर्स, छात्राएं तथा नर्सेज उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments