सीतापुर। छरेहटा थाना क्षेत्र कइमा गांव में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी। इसके बाद पति ने फांसी के फंदे पर लटकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरु कर दी है। पुलिस को मौके से कुल्हाड़ी बरामद हुई है।
पत्नी के चरित्र पर था शक
कइमा गांव निवासी महेन्द्र यादव की शादी तीन वर्ष पूर्व मानपुर इलाके के मोहारीपुरवा की पम्मी देवी से हुई थी। बीते कुछ दिनों से दंपती के बीच विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, महेन्द्र को अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों का शक था।
कुल्हाड़ी से कर दी हत्या
शुक्रवार रात महेन्द्र के करीबी रिश्तेदारों के घर मांगलिक कार्यक्रम था। देर रात दोनों घर पर लौटे, परिवार के अन्य लोग नहीं आए। रात के किसी पहर महेन्द्र ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर हत्या कर दी। बाद में वो भी फांसी के फंदे से झूल गया।
शनिवार सुबह जब परिजन घर लौटे तो अंदर का नाजारा देखकर दंग रह गए। बेटा फांसी के फंदे पर झूल रहा था, वहीं कमरे में बहू की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। जिसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।