
चित्र परिचयः संस्कृति विवि में मिशन शक्ति चरण 5.0 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला रोजगार अधिकारी सुश्री सुगंधा जैन को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित करतीं संस्कृति विवि की सीईओ डा. श्रीमती मीनाक्षी शर्मा।
मथुरा। संस्कृति विश्विद्यालय में मिशन शक्ति चरण 5.0 के अंतर्गत, “आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण” विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विवि के कुलपति प्रो. एम. बी. चेट्टी ने राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी के महत्व पर ज़ोर दिया। मुख्य अतिथि, जिला रोजगार अधिकारी, सुश्री सुगंधा जैन ने एक सारगर्भित व्याख्यान के साथ उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए बनाई गई विभिन्न सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला सशक्तीकरण से जुड़े सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक और कानूनी मुद्दों पर संवेदनशीलता और सरोकार व्यक्त किया जाता है। सशक्तीकरण की प्रक्रिया में समाज को पारंपरिक पितृसत्तात्मक दृष्टिकोण के प्रति जागरूक किया जाता है, जिसने महिलाओं की स्थिति को सदैव कमतर माना है। वैश्विक स्तर पर नारीवादी आंदोलनों और यूएनडीपी आदि अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं ने महिलाओं के सामाजिक समता, स्वतंत्रता और न्याय के राजनीतिक अधिकारों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। महिला सशक्तीकरण, भौतिक या आध्यात्मिक, शारिरिक या मानसिक, सभी स्तर पर महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा कर उन्हें सशक्त बनाने की प्रक्रिया है।
उनके सत्र में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम के बारे में जागरूकता और महिलाओं के विकास और उद्यमिता को समर्थन देने वाले कई प्रोत्साहन-आधारित कार्यक्रम भी शामिल थे। कार्यक्रम का समापन सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा के विशेष संबोधन के साथ हुआ, जिन्होंने इस पहल की सराहना की और छात्राओं को समाज में महिलाओं की आत्मनिर्भरता और नेतृत्व को मजबूत करने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम से प्रतिभागियों को व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास के लिए सरकारी योजनाओं और अवसरों का पता लगाने के लिए प्रेरणा मिली। कार्यक्रम की समनव्यक संस्कृति स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एवं आईटी विभाग की डॉ रीना रानी थी।