-बच्चों ने किया चिड़ियाघर, म्यूजियम, मैकडॉनल्ड का अवलोकन




वृंदावन। आज के समय में पुस्तकीय ज्ञान के साथ साथ नवांकुरों व नई पीढ़ी के ज्ञान में वृद्धि, परियोजनात्मक कार्य कौशल, ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धरोहरों की जानकारी देना वर्तमान समय की मांग है।
इसी क्रम में मथुरा मार्ग स्थित वृंदावन पब्लिक स्कूल के छात्रों ने भारत की राजधानी दिल्ली के प्रसिद्ध स्थलों का एक दिवसीय भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक जीवन का अनुभव प्रदान करना था।
वीपीएस के छात्रों ने विद्यालय परिवार के नेतृत्व में दिल्ली की यात्रा में चिड़ियाघर, म्यूजियम, मैकडॉनल्ड का अवलोकन किया। छात्रों के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस भ्रमण में अपनी सहभागिता प्रदान की व छात्रों को प्रत्येक स्थान के महत्व के बारे में जानकारी दी। छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और नई जानकारियाँ प्राप्त कीं।
भ्रमण के अनुभवों को साझा करते हुए छात्रों ने बताया कि विद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष हमें किसी न किसी शैक्षिक, ऐतिहासिक, धार्मिक भ्रमण पर जाते रहे हैं तथा इससे हमारे ज्ञान में अभिवृद्धि होती है। यह भ्रमण उनके लिए रोचक, शिक्षाप्रद और यादगार रहा। इसके लिए समस्त छात्र-छात्राओं ने विद्यालय प्रबंधन को धन्यवाद दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्य कृति शर्मा ने कहा कि छात्रों का इस प्रकार की शैक्षिक, ऐतिहासिक व मनोरंजनात्मक यात्रा से उन का ज्ञान, आत्मविश्वास और सामाजिक अनुभव बढ़ता है।
इस यात्रा में विद्यालय परिवार से आदित्य शर्मा, जूही मिश्रा, शिवानी वर्मा, विष्णु प्रिया शर्मा आदि मौजूद रहे।


