केकेआर की आईपीएल टीम से बांग्लादेशी क्रिकेटर को बाहर करने पर दिया धन्यवाद
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार, देना चाहिये सख्त संदेश – देवकीनंदन

वृंदावन । बांग्लादेशी क्रिकेटर को भारत की आईपीएल क्रिकेट टीम में शामिल करने का विरोध कर रहे देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज की माँग को बीसीसीआई ने स्वीकार कर लिया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा केकेआर टीम से बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने के निर्देश दिये जाने पर देवकीनंदन ठाकुर ने प्रसन्नता जाहिर की है । उन्होने कहा कि बीसीसीआई ने करोड़ों सनातनियों की भावना का सम्मान किया है। लेकिन केकेआर टीम मालिक शाहरूख खान ने सनातनी हिंदुओं की माँग को दरकिनार कर दिया।
गौरतबल है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर भारत में आक्रोश व्याप्त है। पिछले दिनों वहाँ एक हिंदु युवक को मारकर जला दिया गया था। वहीं कट्टरपंथियों द्वारा छोटी बच्चियों एवं हिंदु महिलाओं के बलात्कार एवं हिंसा की खबरें आम हो गयी हैं। ऐसे माहौल में अभिनेता शाहरूख खान की कम्पनी केकेआर द्वारा बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को 9 करोड़ से अधिक की बोली लगाकर अपनी आईपीएल टीम में शामिल किये जाने पर देवकीनंदन महाराज ने सवाल उठाये थे ।
बीते सप्ताह मुम्बई में कथा के दौरान देवकीनंदन महाराज ने भारत मेें होने वाले आईपीएल क्रिकेट श्रंखला में बांग्लादेशी खिलाड़ी को शामिल करने पर विरोध जाहिर करते हुये मुहिम शुरू की । पूरे देश से हिंदुवादी संगठन एवं सनातनियों ने इस मुहिम का समर्थन करते हुये बांग्लादेशी खिलाड़ी और मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया था।
शनिवार को बैंगलौर में कथा से पूर्व आए बीसीसीआई के निर्णय पर बोलते हुये देवकीनंदन महाराज ने कहा कि सरकार ने सनातनियों की भावना समझते हुये सही निर्णय लिया है । बांग्लादेशी सरकार अपने यहाँ हिंदु अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करने में असफल हो रही है, ऐसे में सख्त संदेश दिया जाना चाहिये।
केकेआर टीम मालिक एवं अभिनेता शाहरूख खान के उपेक्षापूण्र रवैये पर रोष व्यक्त करते हुये उन्होने कहा कि यह विरोध किसी खिलाड़ी या व्यक्ति का नहीं था। पहले भी बांग्लादेशी क्रिकेटर भारत में खेलते रहे हैं। लेकिन मौजूदा माहौल में उन्हें खेल से बाहर रखकर हिंदु जनमानस पर हो रहे अत्याचारों का विरोध जताना आवश्यक था।
उन्होंने कहा कि केकेआर टीम के पास मौका था कि बीसीसीआई से पहले वे खुद ही खिलाड़ी को बाहर कर पीड़ितों के साथ खड़े होते, इसके बावजूद अभिनेता ने करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं की उपेक्षा करते हुये कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।


