Tuesday, February 3, 2026
HomeUncategorizedराजीव इंटरनेशनल स्कूल में जूनियर्स ने दी सीनियर्स को विदाई

राजीव इंटरनेशनल स्कूल में जूनियर्स ने दी सीनियर्स को विदाई


फेयरवेल पार्टी में प्रस्तुत किए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
रुद्राक्षी बंसल और दुष्यंत सिंह बने मिस-मिस्टर फेयरवेल
मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल में मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को विदाई दी गयी। कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं ने फेयरवेल पार्टी में सीनियर साथियों के लिए आकर्षक व भावनात्मक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। फेयरवेल पार्टी का शुभारम्भ स्कूल की प्राचार्या प्रिया मदान ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर किया।
12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को दी गई फेयरवेल पार्टी में 11वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने हास्य-व्यंग्य, नृत्य, गीत, एकांकी और सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करने वाले कार्यक्रम पेश किए। छात्र-छात्राओं की हर नयनाभिराम प्रस्तुति ने दर्शकों की वाहवाही बटोरी। इस अवसर पर सीनियर छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभवों को जूनियर साथियों के साथ साझा करते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति अडिग रहने की सलाह दी। छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में बिताए अपने सुनहरे लम्हों को याद कर सभी को भावुक कर दिया।
फेयरवेल पार्टी में जूनियर्स ने सीनियर्स को उनकी रुचि एवं गरिमा के अनुरूप टाइटल प्रदान किए। कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के बाद निर्णायकों डॉ. रीना अग्रवाल और विक्रांत ने रुद्राक्षी बंसल को मिस फेयरवेल तथा दुष्यंत सिंह को मिस्टर फेयरवेल के खिताब से नवाजा। इस अवसर पर उन्नति जिंदल ने मिस पर्सनालिटी तथा प्रथम गर्ग ने मिस्टर पर्सनालिटी का खिताब अपने नाम किया। विजेता छात्र-छात्राओं को ताज और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी गुरुजनों ने अपने आशीर्वचनों के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश में छात्र-छात्राओं को अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की सलाह दी। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि राजीव इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थी कई बार टॉपर बनकर विद्यालय का नाम रोशन कर चुके हैं, उम्मीद है कि इस वर्ष भी छात्र-छात्राएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय की गरिमा बढ़ाएंगे।
विद्यालय के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि स्वर्णिम और सफल भविष्य की नींव अनुशासन और नैतिकता पर टिकी होती है, इसलिए सभी छात्र-छात्राओं को जीवन में इन मूल्यों को सर्वोपरि रखना चाहिए। श्री अग्रवाल ने सफलता का मंत्र बताते हुए कहा कि “एक विचार लो और उस विचार को अपने जीवन का सार बना लो- उसी को सोचो और उसी के स्वप्न देखो, यही सफलता का रास्ता है।
स्कूल की प्राचार्या प्रिया मदान ने छात्र-छात्राओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि सभी गुरुजनों का आशीर्वाद आपके साथ है जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता आपके कदम चूमे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह वही स्वर्णिम समय है जब आपका भविष्य आपकी मुट्ठी में है। आप जहां भी जाएं अपने कार्यों से अपने विद्यालय का नाम रोशन करें। कार्यक्रम का समापन नम आंखों के बीच हुआ।
चित्र कैप्शनः अतिथियों के साथ मिस और मिस्टर फेयरवेल रुद्राक्षी बंसल, दुष्यंत सिंह तथा मिस-मिस्टर पर्सनालिटी उन्नति जिंदल एवं प्रथम गर्ग। दूसरे चित्र में प्राचार्या प्रिया मदान के साथ 12वीं के विद्यार्थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments