

चित्र परिचयः संस्कृति विवि के प्ले ग्राउंड में बाक्स क्रिकेट की प्रीमियर लीग का ट्राफियों के अनावरण के साथ शुभारंभ करते विवि के कुलाधिपति डा. सचिन गुप्ता। साथ में हैं सीईओ डा. मीनाक्षी शर्मा, कुलपति एमबी चेट्टी, प्रति कुलपति डा. रघुराम भट्ट, कैप्स के निदेशक डा.रजनीश त्यागी।
चित्र परिचयः संस्कृति विवि के मुख्य मैदान में पतंग महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों में जोश भरतीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एश्वर्या राय, कुलाधिपति डा. सचिन गुप्ता आदि।
संस्कृतियन उड़ो तो आसमान छूलो, खेलो तो खूब छक्के मारो
मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय में बॉक्स क्रिकेट की संस्कृति प्रिमीयर लीग 2026 और पतंग महोत्सव के दौरान पूरा परिसर विद्यार्थियों के शोर-शराबे और उत्साह से भरी किलकारियों से गूंजता रहा। अतिथियों और विवि के कुलाधिपति डा. सचिन गुप्ता ने विद्यार्थियों में जोश भरते हुए कहा कि उड़ो तो आकाश को छूलो, खेलो तो छक्कों की बारिश कर दो।
सुबह से ही क्रिकेट के मैदान पर बाक्स क्रिकेट के लिए नीलगिरी, विंध्यांचल, अरावली,शिवालिक हाउस की टीमें अपनी पूरी तैयारियों के साथ पहुंच गईं और उधर मुख्य मैदान पर चारों तरफ रंग बिरंगी पतंगें नजर आने लगीं। आयोजनों का शुभारंभ करते हुए संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डा. सचिन गुप्ता ने बच्चों में जोश भरते हुए कहा कि लक्ष्य जीतने का होना चाहिए लेकिन हार को भी स्वीकारने में नहीं हिचकना चाहिए। हार हमें सबक देती है अच्छा करने का और फिर खेलकर जीतने का। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आप पढ़ाई में निरंतर कठिनाइयों को चुनौतियों को हराकर जीतते हैं उसी तरह का जज्बा खेल में भी बनाएं।
संस्कृति विवि के कुलपति प्रो. एमबी चेट्टी ने कहा कि आपको पतंग की तरह से उड़कर ऊंचाईयों को छूना है और आकाश में छा जाना है। आज का दिन खेलने का है और खेलों में अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का है। पूरा मन लगाकर खेलें। इस मौके पर संस्कृति विवि के प्रति कुलपति डा. रघुराम भट्ट ने सभी खिलाड़ियों को उनकी सफलता के लिए प्रोत्साहित किया। संस्कृति विवि की सीईओ डा. श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, डाइरेक्टर जनरल विवेक अग्रवाल, कैप्स के निदेशक डा. रजनीश त्यागी ने विद्यार्थियों से जोशीले नारे लगवाकर वातारवरण में उत्साह भर दिया। इससे पूर्व स्वागत समिति की डा. दुर्गेश वाधवा, डा. गरिमा गोस्वामी और शुभ्रा पांडे ने सभी अतिथियों का पटुका ओढ़ाकर सम्मान किया। संस्कृति एफएम के आरजे जय ने अपनी अद्भुत संचालन क्षमता से माहौल में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम के दौरान पहुंचीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एश्वार्या कौशिक ने इस आयोजन में विशेष आकर्षण का काम किया। उन्होंने बच्चों से खूब राधे-राधे के जयकारे लगवाए और विद्यार्थियों के साथ पतंग भी उड़ाई। उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए छात्र-छात्राओं में होड़ लग गई। संस्कृति एफएम पर हुई बातचीत में एश्वर्या ने कहा कि संस्कृति विश्वविद्यालय आकर बहुत अच्छा लगा। यहां के वातावरण में संस्कृति की गाथा और संस्कार की खुशबू है। उन्होंने बताया कि राधा की भक्ति और उसका प्रचार उनका परम उद्देश्य है।


