

सकारात्मक सोच, समय, स्वास्थ्य, स्मरणशक्ति व गुणों में श्रेष्ठ बनना है हमें – देवकीनंदन ठाकुरजी
वृंदावन। हनुमान प्रसाद धानुका सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में कक्षा 10 वीं और 12 वीं के विद्यार्थियों के लिए एक भावुक और उल्लासपूर्ण आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि कथा प्रवक्ता देवकीनंदन ठाकुर जी ने छात्राओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि हमें अपने लक्ष्य और स्वयं को बड़ा बनाना है। सकारात्मक सोच, समय, स्वास्थ्य, स्मरणशक्ति व गुणों में श्रेष्ठ बनना है। शिक्षा सिर्फ परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं होती बल्कि यह जीवन के हर क्षेत्र में मार्गदर्शन करती है। संयम के साथ परिश्रमी एवं विवेकवान बनिये, सीता, सावित्री, सती, अनुसुइया के चरित्र का अध्ययन करें। बालिकाओं के साथ उनके अभिभावक भी अपने चरित्र का निर्माण करें। मोबाइल से दूरी बनाकर प्रातःकालीन अध्ययन पर विशेष बल दें।
इससे पूर्व समारोह का प्रारम्भ मुख्य अतिथि कथा प्रवक्ता आचार्य देवकीनंदन ठाकुर जी, ज्योतिषाचार्य लक्ष्मीनारायण मिश्रा, रेखा माहेश्वरी, कमल खंडेलवाल एवं डॉ प्रमोद सिंह ने माँ सरस्वती के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
वहीं सुंदरकांड व वैदिक मंत्रोच्चार के पाठ से छात्राओं को परिश्रम, अनुशासन व आत्मनिर्भरता, बल, बुद्धि आदि गुणों को आत्मसात कर हनुमान जी की वंदना की गई। संगीत, भजन और कविता पाठ ने पूरे वातावरण को भावनात्मक बना दिया।
इस अवसर पर पद्मनाभ गोस्वामी, विश्वनाथ गुप्ता, उमेश शर्मा, भरत शर्मा, प्रधानाचार्य डॉ अंजू सूद, आदि ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


