


कैंसर रोगियों के इलाज को पूर्णतया समर्पित ब्लॉक का होगा लोकार्पण
-मार्च में होगा कैंसर ब्लॉक का उद्घाटन
वृंदावन। रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल में समर्पित कैंसर ब्लॉक के लोकार्पण के लिए रामकृष्ण मठ एवं रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के सचिव स्वामी सुप्रकाशानंद महाराज एवं सह सचिव स्वामी कालीकृष्णानंद महाराज ने महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को वृंदावन आने का निमंत्रण दिया।
निर्धन, असहाय एवं जरुरतमंद रोगी नारायण की सेवा में समर्पित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल में कैंसर रोगियों के सेवार्थ एक पूर्णतया समर्पित कैंसर ब्लॉक 68000 वर्ग फुट में बना चार मंजिला भवन जल्द शुरु होने जा रहा है। जिसकी विधिवत तथा औपचारिक शुरुआत मार्च महीने के अंतिम सप्ताह तक होने की पूरी संभावना है। मंगलवार को सेवाश्रम के सचिव स्वामी सुप्रकाशानंद महाराज एवं सह सचिव स्वामी कालीकृष्णानंद महाराज ने महामहिम से औपचारिक भेंट कर इस आधुनिक कैंसर विंग के उद्घाटन हेतु वृन्दावन आने का निमंत्रण दिया।
महामहिम से भेंट के बाद उन्होंने बताया कि महामहिम ने सेवा के इस विराट प्रकल्प की सराहना करते हुए कहा कि यह कैंसर प्रकल्प जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के लिए बहुत ही उपयोगी साबित होगा एवं रामकृष्ण मिशन समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया की जल्द ही उनके कार्यालय से उदघाटन का तारिख की सूचना भेजी जाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इससे पहले रामकृष्ण मिशन के रांची एवं जमशेदपुर शाखाओं में यात्रा के पलों को महाराज जी के संग साझा किया।
स्वामी सुप्रकाशानंद महाराज ने महामहिम को युगपुरुष स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा भेंट करते हुए कहा कि इन्हीं युगपुरुष की प्रेरणापुंज का यह बीज आज 400 बिस्तरों वाले अस्पताल का साकार वटवृक्ष बन चुका है। उन्होंने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में यह कैंसर ब्लॉक रोगियों के सेवार्थ और लाभार्थ उत्कृष्ट कार्य करेगी।
अत्याधुनिक मेडिकल संसाधनों से सुसज्जित एवं सुशोभित इस कैंसर ब्लॉक में रेडियोथेरेपी, ब्रकीथेरेपी, कैंसर आधुनिक शस्त्र चिकित्सा, कीमोथेरेपी, इम्मुनोथेरपी एवं हॉर्मोनथेरपी, आरटी सीटी स्कैन, पिईटी सीटी स्कैन, एक जनरल वार्ड, डे केयर, फार्मेसी, प्राइवेट केबिन जैसे कई सुविधाएँ उपलब्ध हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं आस-पास के राज्यों में यह केवल एकमात्र आधुनिकतम सुविधा वाली कैंसर चिकित्सा विभाग होगी एवं यहाँ पर हर तरह के कैंसर का पूर्ण इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।


