Wednesday, February 18, 2026
HomeUncategorizedजीएल बजाज के छात्र-छात्राओं ने रक्तदान कर दिया मानवता का संदेश

जीएल बजाज के छात्र-छात्राओं ने रक्तदान कर दिया मानवता का संदेश


शिविर में स्टूडेंट्स स्पोर्ट्स क्लब और जिला चिकित्सालय का रहा योगदान
मथुरा। जीएल बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस मथुरा के छात्र-छात्राएं शिक्षा ही नहीं समाजसेवा के क्षेत्र में भी किसी से कम नहीं हैं। बुधवार को संस्थान के स्टूडेंट्स स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में जिला चिकित्सालय मथुरा के सहयोग से आयोजित शिविर में 90 संकाय सदस्यों, छात्र-छात्राओं तथा कर्मचारियों ने रक्तदान कर अनुकरणीय मिसाल पेश की। शिविर का मुख्य उद्देश्य रक्त की कमी को पूरा करना तथा छात्र-छात्राओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करना था।
रक्तदान शिविर का शुभारम्भ संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारों का गुच्छा छोड़कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्त का हर कण और वक्त का हर क्षण बहुमूल्य होता है लिहाजा मानव हित में सभी स्वस्थ व्यक्तियों को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। प्रो. अवस्थी ने कहा कि रक्तदान महादान है, रक्तदान से किसी व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। रक्तदान ऐसा कार्य है जो जीवन बचाने और हमारे समाज में स्थायी बदलाव लाने की शक्ति रखता है। प्रो. अवस्थी ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है लिहाजा सभी छात्र-छात्राओं को समय समय पर ऐसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वस्थ समाज के संकल्प को पूरा करने में अपना सहयोग देना चाहिए।
रक्तदान शिविर में जिला चिकित्सालय मथुरा की डॉ. गीता तथा काउंसलर सुशीला ने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि नियमित रक्तदान से स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है तथा इससे अनेक जरूरतमंद रोगियों को नया जीवन मिलता है। डॉ. गीता ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे अमूल्य सेवा है। एक यूनिट रक्त गम्भीर रूप से बीमार मरीजों या दुर्घटना पीड़ितों की जान बचा सकता है। यह निःस्वार्थ कार्य जाति और धर्म के भेदभाव को तोड़कर समाज में एकता और संवेदना का संदेश भी देता है, जिससे अनगिनत जीवन सुरक्षित होते हैं।
प्रो. नीता अवस्थी और डॉ. गीता ने स्टूडेंट्स स्पोर्ट्स क्लब और छात्र स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं द्वारा समाज के प्रति इस प्रकार की जिम्मेदारी निभाना अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने इसे सामाजिक सरोकारों के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। शिविर में लगभग 90 संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर के समन्वयक और महाविद्यालय के स्पोर्ट्स आफिसर लोकेश शर्मा ने जिला अस्पताल की चिकित्सकीय टीम, क्लब सदस्यों तथा सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। यह रक्तदान शिविर समाज सेवा एवं मानवता के प्रति युवाओं की जागरूकता और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण साबित हुआ।
चित्र कैप्शनः गुब्बारे छोड़कर रक्तदान शिविर का शुभारम्भ करतीं प्रो. नीता अवस्थी तथा रक्तदान करते संकाय सदस्य और विद्यार्थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments