
वृंदावन। विद्यालय एक ऐसा स्थान है जहां शैक्षिक व सह शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से छात्र के चहुंमुखी विकास की नींव रखी जाती है। इसी विचारधारा को साकार रूप प्रदान करते हुए मथुरा मार्ग स्थित वृंदावन पब्लिक स्कूल के छात्रों ने गणेशरा स्टेडियम में आयोजित खेल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और कौशल का परचम लहराया । गौरतलब है कि जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता अंतर्गत वॉलीबॉल अंडर -17 बालक वर्ग, वॉलीबॉल अंडर -17 बालिका वर्ग व जूडो की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं । जिसमें विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में वृंदावन पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया और विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
हर्ष का विषय यह रहा कि तीनों प्रतियोगिताओं में छात्रों ने प्रदर्शन कर विजेता श्रेणी में अपनी सर्वोच्च उत्कृष्टता साबित की। प्रतियोगिता का संचालन मथुरा के क्रीड़ा अधिकारी राकेश यादव के निर्देशन में हुआ।
विद्यालय की अंडर-17 बालिका वर्ग टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस टीम में रमा तिवारी, आराध्या, एकांशी, गौरांगी और मेघा मंडल शामिल रहीं। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग वॉलीबॉल टीम ने कड़े मुकाबलों के बाद द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस टीम के खिलाड़ी दुर्गेश, लकी, प्रशांत, कृष्णा, विधान और आरश रहे। इसके अतिरिक्त विद्यालय के जूडो खिलाड़ियों ने भी विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। माधवी ने कांस्य पदक, ऋतु तिवारी ने रजत पदक, जाह्नवी शर्मा, शिवानी राजक, अमित कर्दम, अर्पित, अमन खान और अरुणवा ने कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के संस्थापक निदेशक’ डॉ ओमजी व प्रधानाचार्य कृति शर्मा एवं शिक्षकों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विजयी छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय खेल प्रशिक्षक भारत भूषण, ललित चौधरी, शिवानी वर्मा व भारती को दिया।

