



वृंदावन। धोरैरा मार्ग स्थित वृंदावन पब्लिक स्कूल के श्यामा शांति सभागार में यू.के.जी.के विद्यार्थियों हेतु स्नातक दिवस समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। जिसमें वृंदावन नर्सरी स्कूल के विद्यार्थी भी शामिल रहे।यह विशेष दिन हमारे नन्हे स्नातकों के किंडर गार्डन के सफर के समापन और प्राथमिक कक्षा में उनके प्रवेश का प्रतीक था। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों की मेहनत और उपलब्धियों का जश्न मनाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि बाल रोग विशेषज्ञ डॉ रास बिहारी पांडे द्वारा माँ सरस्वती के चित्रपट पर दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। छात्रों को स्नातक पोशाक पहनाई गई। छोटे स्नातक गाउन और टोपियों में सजे हुए बहुत ही उत्साही लग रहे थे। यूकेजी के छात्रों ने रंगारंग नृत्य व कविता पाठ के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साथ ही कुछ बच्चों ने अपने स्कूली दिनों की यादें साझा की।
बच्चों के अभिभावकों के लिए कुछ रोमांचक खेल भी आयोजित किए गए। यह उनके लिए गर्व का क्षण था क्योंकि उनके बच्चे अब प्राथमिक शिक्षा की ओर बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वह क्षण था जब प्रत्येक छात्र को मंच पर बुलाकर उनकी पहली शैक्षिक उपलब्धि के लिए ग्रेजुएशन सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।
डॉ रास बिहारी पांडे ने कहा कि वी पी एस के छात्र नित नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और इन बच्चों के रूप में एक ऐसे बीज को बोया जा रहा है जो वृद्धि को प्राप्त कर एक वृक्ष बनकर समस्त ब्रज मंडल को आलोकित करेगा। उन्होंने नन्हें-मुन्नें विद्यार्थियों को 2 साल के सफर और उनकी उपलब्धियां की सराहना की। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों को भी उनके मार्गदर्शन के लिए बधाई दी।
प्रधानाचार्य कृति शर्मा ने छात्रों को भविष्य में सफलता हेतु आशीर्वाद प्रदान किया। महाप्रबंधक पुण्य प्रकाश शर्मा ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा में अभिभावक और एक शिक्षक का बहुत बड़ा योगदान होता है। हम सभी को मिलकर बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास की ओर ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन श्रुति शर्मा ,पूजा तिवारी और उपमा मिश्रा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्राइमरी वर्ग से संयोजिका सपना शर्मा ने किया। इस अवसर पर स्वेकाराज, सपना शर्मा, विष्णु प्रिया शर्मा, शालू शर्मा, रेणुका राय, शिवानी गोयल, जागृति शर्मा, राधिका अग्रवाल आदि मौजूद रहीं।

