-गरिमामय एवं भावपूर्ण समारोह का हुआ आयोजन
-विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें किया गया सम्मानित


हनुमान प्रसाद धानुका विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ० अंजू सूद हुईं सेवानिवृत्त
-गरिमामय एवं भावपूर्ण समारोह का हुआ आयोजन
-विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें किया गया सम्मानित
वृंदावन। हनुमान प्रसाद धानुका सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ अंजू सूद की सेवानिवृत्ति के अवसर पर एक गरिमामय एवं भावपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। विद्यालय की छात्राओं, आचार्यावृन्द द्वारा भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया गया। जिसने पूरे वातावरण को भावविभोर कर दिया।
विद्यालय के वरिष्ठ आचार्यों एवं प्रबंध समिति के सदस्यों ने अपने उद्बोधनों में प्रधानाचार्य डॉ अंजू सूद के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता तथा मातृवत् स्नेह का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में विद्यालय ने शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य के प्रति आभार प्रकट किया। कई छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके स्नेह, प्रेरणा एवं मार्गदर्शन ने उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रधानाचार्य डॉ अंजू सूद को विद्यालय परिवार की ओर से शाल, स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने विदाई उद्बोधन में उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह संस्था उनके जीवन का अभिन्न अंग रही है और यहाँ बिताए गए क्षण सदैव उनकी स्मृतियों में अंकित रहेंगे। यह समारोह न केवल एक विदाई था, बल्कि एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व के प्रति सम्मान और उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक भी रहा। कार्यक्रम में प्रबंध समिति से राजकुमारी धानुका, पदमनाभ गोस्वामी, रेखा माहेश्वरी, कमल खंडेलवाल, विश्वनाथ गुप्ता, अशोक अग्रवाल, अमित शर्मा , विजयलक्ष्मी आदि मौजूद रहे।

