Saturday, April 4, 2026
HomeUncategorizedओरिएंटेशन डे पर राजीव इंटरनेशनल स्कूल में खिले नौनिहालों के चेहरेअभिभावकों को...

ओरिएंटेशन डे पर राजीव इंटरनेशनल स्कूल में खिले नौनिहालों के चेहरेअभिभावकों को दी शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी, गूगल गुरु की हुई प्रशंसा


मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को किंडरगार्डन के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का टीचर्स के साथ संवाद स्थापित करने के लिए ओरिएंटेशन डे का आयोजन किया गया। ओरिएंटेशन डे का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिला भाजपा उपाध्यक्ष विवेक चौधरी, मास्टर गुरु उपाध्याय एवं प्राचार्या प्रिया मदान ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने नयनाभिराम कार्यक्रमों के माध्यम से अभिभावकों का मनोरंजन किया।
स्कूल की प्राचार्या प्रिया मदान ने अभिभावकों का स्वागत करने के बाद उन्हें आठ साल के मास्टर गुरु उपाध्याय के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मास्टर गुरु उपाध्याय अपनी अद्भुत प्रतिभा के दम पर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, ग्लोबल रिकॉर्ड व एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा चुके हैं। मास्टर गुरु इंजीनियरिंग तथा यूपीएससी के विद्यार्थियों को ऑनलाइन ट्रेनिंग देते हैं। इन्हें गूगल गुरु के नाम से जाना जाता है। इस होनहार को बचपन से ही बच्चों को पढ़ाने का शौक है। गुरु पांच वर्ष की आयु से 14 विषय पढ़ाने वाले सबसे कम आयु के लेक्चरर बन गए हैं।
इस अवसर पर अभिभावकों को स्कूल की समस्त जानकारी पी.पी.टी. के माध्यम से दी गई। प्राचार्या प्रिया मदान ने अभिभावकों को बताया कि नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं के लिए इस वर्ष हमने दो नई पॉलिसी बनाई हैं। सप्ताह में एक दिन शनिवार को बच्चों के लिए बैगलेस डे होगा जिसके अंतर्गत बच्चे बिना किताबों के खेल-खेल के माध्यम से आउटडोर एक्टिविटीज सीखेंगे। दूसरी पॉलिसी के अंतर्गत बच्चों की कॉपी और किताबें स्कूल में ही जमा रहेंगी तथा सप्ताह में केवल दो दिन ही घर ले जाने की अनुमति होगी। बच्चों के बस्ते का बोझ कम करने की विद्यालय की इस पहल को अभिभावकों ने मुक्तकंठ से सराहा।
ओरिएंटेशन डे पर अभिभावकों के लिए भी विभिन्न प्रकार के गेम्स और एक्टिविटी का आयोजन किया गया तथा विजेता अभिभावकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूल के यूकेजी के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने अपने पिछले वर्ष के अनुभव साझा किए वहीं शिक्षकों ने अभिभावकों के विभिन्न प्रश्नों का समाधान कर उनकी जिज्ञासा को शांत किया।
स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि जीवन की नींव शिक्षा पर आधारित होती है। हम जितनी ईमानदारी से शिक्षा ग्रहण करेंगे और उसके मूल्यों को अपने जीवन में उतारेंगे, भविष्य में उतने ही सफल इंसान के रूप में पहचाने जाएंगे। श्री अग्रवाल ने सभी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें जीवन में शिक्षा और शिक्षकों के महत्व की सीख दी। श्री अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को जीवन में लगन और मेहनत से पढ़ने तथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया, साथ ही शिक्षा के स्तर को बढ़ाने के लिए शिक्षक और अभिभावकों की भागीदारी को जरूरी बताया।
चित्र कैप्शनः ओरिएंटेशन डे पर अतिथियों के साथ नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments