
वृंदावन। प्रियाकांत जू मंदिर पर गुरुपूर्णिमा महोत्सव में हजारों शिष्य देवकीनंदन महाराज का पूजन कर गुरु शिष्य परंपरा का निर्वहन करेंगे। मंदिर पर 30 जुलाई से 21 लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण, रूद्राभिषेक एवं महाशिवपुराण कथा का आयोजन होगा। 1 अगस्त को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आयोजन में भाग लेने वृंदावन आएंगीं।
छटीकरा मार्ग स्थित ठाकुर श्री प्रियाकांत जू मंदिर पर 28 जुलाई से गुरूपूर्णिमा महोत्सव का प्रारंभ होगा।
मंदिर मीडिया प्रभारी जगदीश वर्मा ने बताया कि प्रथम दिवस देवकीनंदन महाराज प्रातः 9 से 12 बजे तक गुरुदीक्षा प्रदान करेंगे । इसके पश्चात 3 बजे से सायं 6 बजे तक गुरु शिष्य संवाद कार्यक्रम होगा ।
29 जुलाई को शांति सेवा सभागृह में प्रातः 7 बजे से हजारों शिष्य देवकीनंदन महाराज के चरण पूजन कर गुरुपूर्णिमा पर्व मनाएंगे। सांय काल 7.30 बजे से मंदिर प्रांगण में भजन संकीर्तन का आयोजन होगा ।
श्रावण मास में 30 जुलाई से मंदिर प्रांगण में ब्रज की मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं शिवकथा का प्रारंभ होगा। 1 अगस्त को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आयोजन में भाग लेंगी। आयोजन 5 अगस्त तक चलेगा, सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं।

