





वृन्दावन। भारत गणराज्य के पूर्व पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार को सपरिवार रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल पहुंचे। जहां सेवाश्रम के साधुओं ने उनका अभिनंदन पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण और उत्तरीय ओढ़ाकर किया। इस दौरान अस्पताल का चिकित्सकीय स्टाफ भी मौजूद रहा। सेवाश्रम में तय कार्यक्रय के अनुसार प्रातः लगभग 10.40 बजे प्रवेश करते ही उन्होंने विवेकानंद मण्डपम में युगपुरुष स्वामी विवेकानंद को पुष्पांजलि दी। इसके बाद वे सेवाश्रम परिसर में स्थित मंदिर में पहुंचे। जहां उन्होंने स्वामी रामकृष्ण परमहंस देव की प्रतिमा के समक्ष पुष्पार्चन एवं पूजन किया। वे यहां लगभ्ग 10 मिनट तक रहे। इस दौरान वे काफी देर तक आखें बंद कर ध्यान मुद्रा में बैठे रहे। मंदिर से निकलने के बाद उन्होंने कहा कि यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा अत्यंत ही सकारात्मक है। मेरा अंतःकरण यहां बैठकर स्वाभाविक ही ध्यान की ओर अग्रसर हुआ है। इसके बाद वे शारदा ब्लॉक में पहुंचे, जिसका उनके द्वारा भारत के महामहिम पद पर आसीन रहते हुए 28 नवम्बर 2019 को लोकार्पण किया गया था। ब्लॉक का अवलोकन करने के बाद उन्होंने यहां भी स्वामी रामकृष्ण देव, मॉ शारदा एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रपट के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ मौजूद स्टाफ से कहा कि आप सभी लोग एक महान पेशे में हैं, जो सीधे तौर पर मानवता की सेवा से जुड़ा है। उन्हेांने कहा कि रामकृष्ण मिशन में तीसरी बार उनका आगमन हुआ है। यहां की 118 वर्षों की सेवा परंपरा और चिकित्सकीय सुविधाओं में निरंतर प्रगति तथा सेवा का भाव हृदय को स्पर्श करता है। उन्होंने न सिर्फ यहां मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया बल्कि आश्रम के साधुओं, संन्यासियों और समस्त स्टाफ के साथ शारदा ब्लॉक के सामने समूह फोटोग्राफी भी कराई। इसके बाद उन्होंने नंदकिशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का बाह्य निरीक्षण भी किया। इस दौरान पूर्व महामहिम रामनाथ कोविंद को सेवाश्रम के सचिव स्वामी सुप्रकाशानंद महाराज, सह सचिव स्वामी कालीकृष्णानंद महाराज द्वारा स्वामी रामकृष्ण देव, मॉ शारदा एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाएं स्मृति स्वरुप भेंट की गईं। इस अवसर पर कुलदीप महाराज, स्वामी ओजोमयानंद, स्वामी रुद्रनाथानंद, स्वामी देवतानंद, डॉ. थान सिंह तोमर, डॉ. प्रषान्त पाठक, डॉ. गणेश शर्मा, डॉ. सर्वेश गुप्ता सहित नर्सिंग स्टाफ तथा छात्राएं मौजूद रहीं।

