HomeUncategorizedछाता पूर्व सांसद कुंवर मानवेंद्र सिंह पहुंचे छाता चीनी मिल, भूतपूर्व सैनिकों...

छाता पूर्व सांसद कुंवर मानवेंद्र सिंह पहुंचे छाता चीनी मिल, भूतपूर्व सैनिकों के धरने को दिया समर्थनचौधरी लक्ष्मीनारायण पर साधा निशाना, बोले- मिल चलाने की मंशा नहीं रही; मुख्यमंत्री से जल्द करेंगे मुलाकात

छाता की बंद पड़ी चीनी मिल को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर भूतपूर्व सैनिक परिषद द्वारा मिल परिसर में चलाए जा रहे धरना-प्रदर्शन को पूर्व सांसद कुंवर मानवेंद्र सिंह ने समर्थन दिया। रविवार को छाता चीनी मिल पहुंचे पूर्व सांसद ने धरना दे रहे पूर्व सैनिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने की बात कही। छाता पहुंचने पर क्षेत्रीय जनता और भूतपूर्व सैनिकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
धरना स्थल पर पत्रकारों और क्षेत्रीय लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद ने दीपक शर्मा के साथ हुई घटना का भी कड़ा विरोध जताया। उन्होंने हाल ही में ब्राह्मण समाज के एक व्यक्ति के साथ हुई कथित अमानवीय घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार के कृत्य करने वालों को इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।
चीनी मिल के मुद्दे पर पूर्व सांसद ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा को सही बताते हुए कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने मथुरा आकर छाता चीनी मिल को दोबारा चालू कराने की घोषणा की थी और इसके लिए बजट भी स्वीकृत किया गया, लेकिन गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री बनने के बाद चौधरी लक्ष्मीनारायण ने मिल को चालू कराने में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने मंत्री और उनके प्रतिनिधियों पर क्षेत्र में जमीनों से जुड़े मामलों में हस्तक्षेप के भी गंभीर आरोप लगाए।
पूर्व सांसद ने कहा कि मंत्री के रवैये से भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि प्रभावित हुई है। उन्होंने क्षेत्र की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए तहसील और थानों में कथित वसूली, खनन तथा भू-माफियाओं के प्रभाव के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि रात में थाने से पकड़े गए खनन माफियाओं को छुड़ाए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी बात की थी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 से वह राजनीति में हैं, लेकिन उन्होंने इस स्तर की खराब राजनीति और पुलिस की ऐसी बदनामी पहले कभी नहीं देखी। पूर्व सांसद ने राशन डीलरों से कथित अवैध वसूली का मुद्दा भी उठाया और कहा कि भय के माहौल के कारण आम लोग खुलकर अपनी बात सामने नहीं रख पा रहे हैं।
कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि देश की रक्षा करने वाले पूर्व सैनिकों को आज बंद पड़ी चीनी मिल को चालू कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठना पड़ रहा है, यह बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि गन्ना मंत्री रहते हुए भी यदि चीनी मिल चालू नहीं हो पा रही है तो यह बेहद अफसोस की बात है।
पूर्व सांसद ने भूतपूर्व सैनिकों को आश्वासन दिया कि वह छाता चीनी मिल और क्षेत्र की अन्य समस्याओं को लेकर जल्द ही लखनऊ जाएंगे तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर वास्तविक स्थिति से अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता और पूर्व सैनिकों की मांग को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments