


वृंदावन। गुरु माँ निकुंजवासी शांति गोस्वामी के निकुंज प्रवेश दिवस पर ठाकुर श्री राधा सनेह बिहारी महाराज मंदिर में पुण्य स्मृति महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं भावपूर्ण वातावरण में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। महोत्सव का शुभारंभ गुरु माँ के चित्रपट का विधिवत पूजन-अर्चन कर किया गया।
भक्तजनों एवं श्रद्धालुओं ने उनके चरणों में भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रेम, करुणा, त्याग, सेवा और आध्यात्मिक जीवन को स्मरण किया। आचार्य करन कृष्ण गोस्वामी ने कहा कि गुरु माँ का सम्पूर्ण जीवन भक्ति, सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण रहा है।
कार्यक्रम में ब्रजवासी माताओं एवं बहनों का सम्मान किया गया तथा उन्हें स्नेह एवं श्रद्धा स्वरूप उपहार वितरित किए गए। महोत्सव के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और सभी ने गुरु माँ की पावन स्मृतियों को नमन करते हुए उनके आदर्शों एवं संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

