
कन्हैया कंठी माला वालों के निवास पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं व्यापारी एकता संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोसीकलां में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर चोरी का माल बरामद करने पर पुलिस प्रशासन के समस्त अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों की तत्परता, सक्रियता एवं कार्यशैली की सराहना की गई। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के समस्त अधिकारियों का इस त्वरित कार्रवाई के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
व्यापारियों ने इस घटना के खुलासे में समस्त मीडिया कर्मियों के सक्रिय, सकारात्मक एवं सराहनीय सहयोग की भी प्रशंसा की। व्यापारियों ने कहा कि मीडिया ने घटना को प्रमुखता से उठाकर आमजन एवं व्यापारियों की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके लिए क्षेत्र के समस्त पत्रकार बंधुओं एवं मीडिया कर्मियों का भी आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता से विचार-विमर्श करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। व्यापारी एकता संघ एवं व्यापार मंडल द्वारा सभी बाजारों के व्यापारियों से विशेष अपील की गई कि अपने-अपने बाजार एवं दुकानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपसी सहयोग से सिक्योरिटी गार्ड की व्यवस्था करें।
साथ ही सभी व्यापारी अपनी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के बाहर पर्याप्त एवं भरपूर रोशनी की व्यवस्था अवश्य करें, ताकि रात के समय बाजारों में अंधेरा न रहे और किसी भी असामाजिक या आपराधिक गतिविधि की संभावना को कम किया जा सके।
सभी व्यापारियों से अपील की गई कि सुरक्षा को केवल पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी न मानते हुए व्यापारी भी अपनी ओर से पूरी सावधानी एवं सहयोग करें। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सिक्योरिटी गार्ड तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों को अपनाकर सभी व्यापारी मिलकर अपने बाजारों को अधिक सुरक्षित बना सकते हैं।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि व्यापार मंडल एवं व्यापारी एकता संघ के पदाधिकारी व्यापारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखेंगे तथा सुरक्षा संबंधी समस्याओं को पुलिस प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजारों में नियमित गश्त एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने का भी अनुरोध किया।
व्यापारियों ने एकजुट होकर कहा कि “व्यापारी की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और सुरक्षित बाजार ही मजबूत व्यापार की पहचान है।”
बैठक में नगर अध्यक्ष अंकित मालवीय, महामंत्री मनीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अशोक सोनी, सुरजीत चौधरी, अध्यक्ष महेश अग्रवाल, महामंत्री पंकज विसमरिया, मंत्री मनीष, हेमंत दीक्षित, कपिल खंडेलवाल, अजय अग्रवाल, शंकर बंसल एवं कन्हैया मंगल सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के समस्त अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों तथा समस्त मीडिया कर्मियों का चोरी की घटना के त्वरित खुलासे एवं जनहित में किए गए सहयोग के लिए विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। व्यापारियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन की तत्पर कार्रवाई और मीडिया के सकारात्मक सहयोग से समाज में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत होती है। व्यापारियों ने भविष्य में भी पुलिस प्रशासन एवं मीडिया से इसी प्रकार सहयोग और समन्वय की अपेक्षा व्यक्त की।

