

मथुरा के दुवासु में शोध और पशु चिकित्सा के क्षेत्र में नई तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए 10 दिवसीय राष्ट्रीय समर स्कूल का भव्य शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद, लखनऊ द्वारा प्रायोजित इस प्रशिक्षण का आयोजन 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक पशु शरीर रचना विज्ञान विभाग में किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नानाजी देशमुख पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर की कुलसचिव डॉ. राखी वैश रहीं। प्रशिक्षण में देश के विभिन्न राज्यों से 25 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फ्लोरोसेंट माइक्रोस्कोपी, स्टेम सेल टेक्नोलॉजी और अल्ट्रासोनोग्राफी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इन तकनीकों से पशु रोगों के सटीक निदान के साथ पशु स्वास्थ्य और उत्पादकता को नई दिशा मिलेगी। वक्ताओं ने विश्वविद्यालय के कुलपति के दूरदर्शी नेतृत्व और शोधपरक प्रयासों की सराहना की।

