HomeUncategorizedराजीव एकेडमी में 300 विद्यार्थियों को मिले मुफ्त हेलमेट, सड़क सुरक्षा के...

राजीव एकेडमी में 300 विद्यार्थियों को मिले मुफ्त हेलमेट, सड़क सुरक्षा के नियमों की दी जानकारीत्रिगुणा – द साइंस ऑफ लिविंग और आवास फाइनेंशियर्स लिमिटेड के सहयोग से आयोजित हुआ ‘राइड वाइज, स्टे सेफ’ रोड सेफ्टी बूटकैम्प


मथुरा। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, मथुरा में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘राइड वाइज, स्टे सेफ’ रोड सेफ्टी बूटकैम्प का आयोजन किया गया। त्रिगुणा – द साइंस ऑफ लिविंग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में आवास फाइनेंशियर्स लिमिटेड ने अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी पहल के अंतर्गत सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान 300 विद्यार्थियों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए तथा उन्हें यातायात नियमों और सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी है। विशेषज्ञों ने सुरक्षित ड्राइविंग, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।
बूटकैम्प के दौरान तकनीकी जानकारी के साथ-साथ वाहन चालकों के व्यवहार और सड़क पर जिम्मेदार आचरण के पहलुओं पर भी विशेष जोर दिया गया। संवादात्मक सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को समझाया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 300 विद्यार्थियों को निःशुल्क हेलमेट वितरण रहा। त्रिगुणा की टीम द्वारा की गई इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने के प्रति प्रोत्साहित करना और सुरक्षित दोपहिया वाहन संचालन की आदत विकसित करना था। हेलमेट वितरण के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता के साथ व्यावहारिक कदम उठाना भी आवश्यक है।
राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा, “युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और उन्हें जिम्मेदार वाहन चालक बनने के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है।
संस्थान के चेयरमैन डॉ. आर. के. अग्रवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सामाजिक विषय है। उन्होंने कहा, “शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविक परिस्थितियों में सही निर्णय लेने और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करते हैं। 300 विद्यार्थियों को निःशुल्क हेलमेट वितरित करने की पहल सराहनीय है। हम आशा करते हैं कि विद्यार्थी यहां प्राप्त जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाएंगे और अपने परिवार तथा समाज में भी सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाएंगे।”
राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में त्रिगुणा – द साइंस ऑफ लिविंग की टीम के योगदान, समन्वय, समर्पण और व्यावसायिक प्रतिबद्धता की सराहना की। संस्थान ने विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार को प्रोत्साहित करने के लिए टीम का आभार व्यक्त किया।
संस्थान की ओर से यह भी आशा व्यक्त की गई कि भविष्य में त्रिगुणा – द साइंस ऑफ लिविंग के साथ मिलकर सामाजिक सरोकारों से जुड़ी ऐसी और पहल की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों और समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को यह महत्वपूर्ण संदेश दिया कि सुरक्षित यात्रा की शुरुआत जिम्मेदार व्यवहार से होती है। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और यातायात नियमों का पालन करना अपनी और दूसरों की जिंदगी की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments