



मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल में दीपोत्सव का पर्व उत्साह-उमंग, संगीत और सांस्कृतिक रंगों के बीच धूमधाम से मनाया गया। स्कूल परिसर में आयोजित भव्य डांडिया उत्सव में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक साथ कदमताल करते हुए उत्सव की खुशियों को चार चांद लगाए। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट, पारम्परिक परिधानों और डांडिया की थाप ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। डीजे अंतरिक्ष की शानदार संगीत प्रस्तुतियों पर देर रात तक हर उम्र के लोग थिरकते नजर आए।डांडिया उत्सव केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि इसने विद्यालय परिवार को आपसी मेल-मिलाप, सांस्कृतिक परम्पराओं और सामूहिक उल्लास के सूत्र में बांधने का भी काम किया। कार्यक्रम में स्कूल परिवार के साथ आर.के. एज्यूकेशन हब के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के पदाधिकारियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।समारोह का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। एक के बाद एक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इन प्रस्तुतियों मंक विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा के साथ भारतीय संस्कृति और उत्सवों के प्रति उनका जुड़ाव भी दिखाई दिया।कार्यक्रम को संगीतमय बनाने में स्कूल के संगीत शिक्षकों विशाल, कोमल, निखिल और अमित का विशेष योगदान रहा। इन सभी ने अपनी मधुर और जोशीली प्रस्तुतियों से समारोह में संगीत का ऐसा रंग भरा कि उपस्थित लोग आनंदित हो उठे। इसके बाद जैसे ही डीजे अंतरिक्ष ने डांडिया की लोकप्रिय धुनें बजानी शुरू कीं, पूरा परिसर उल्लास से गूंज उठा। अभिभावक, शिक्षक और विद्यार्थी पारम्परिक डांडिया की थाप पर एक साथ झूमते नजर आए। किसी ने अपने परिवार के साथ तो किसी ने मित्रों और सहकर्मियों के साथ उत्सव का आनंद लिया।पारम्परिक डांडिया और आधुनिक संगीत का यह खूबसूरत संगम समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। खास बात यह रही कि अभिभावकों ने भी बच्चों के साथ पूरे उत्साह से भागीदारी की। इससे विद्यालय और अभिभावकों के बीच आत्मीयता तथा पारिवारिक जुड़ाव का संदेश भी सामने आया। उत्सव को और अधिक रोचक बनाने के लिए अभिभावकों के मनोरंजनार्थ लकी ड्रॉ और कूपन की विशेष व्यवस्था की गई थी। लकी ड्रॉ के परिणाम घोषित होते ही विजेताओं में उत्साह दिखाई दिया। भाग्यशाली विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। इस दौरान उपस्थित लोगों के बीच उत्सुकता और खुशी का माहौल बना रहा। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत, डांडिया और मनोरंजक गतिविधियों से सजी यह शाम सभी के लिए यादगार बन गई। समारोह का समापन सामूहिक उल्लास, आपसी मेल-मिलाप और रात्रिभोज के साथ हुआ।इस अवसर पर श्रीमती मोहिनी अग्रवाल, केडी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. मनेष लाहोरी, केडी मेडिकल कॉलेज के डीन एवं प्रिंसिपल डॉ. आर.के. अशोका, जीएल बजाज की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी, राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के डायरेक्टर डॉ. अमर सक्सेना, राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी के डायरेक्टर प्रो. हिमांशु चोपड़ा, केडी डेंटल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. नवप्रीत कौर, केडी नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल एम.पी. चानू, केडी डेंटल कॉलेज के एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर नीरज छापड़िया, यूरोकिड की डायरेक्टर निधि शर्मा तथा राजीव इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।आर.के. एजुकेशन हब के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, स्कूल के चेयरमैन श्री मनोज अग्रवाल तथा स्कूल की प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्व और सांस्कृतिक आयोजन हमारी परम्पराओं, पारिवारिक मूल्यों तथा सामाजिक एकता को मजबूत बनाते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उनमें सहभागिता, सहयोग और सामूहिकता की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

