
मथुरा में नहरों की सफाई में लापरवाही को लेकर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का सख्त रुख देखने को मिला। मंत्री ने गौ ग्राम परखम में चामुंडा मंदिर के पास नहर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नहर की सफाई में खामियां मिलने पर उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। सिंचाई विभाग के एसई धर्मेंद्र सिंह फोगाट को भी मंत्री की नाराजगी का सामना करना पड़ा।मंत्री के अचानक पहुंचते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारी सड़क पर पैदल दौड़ते नजर आए। स्वतंत्र देव सिंह ने नहरों और माइनरों की सफाई निर्धारित समय में पूरी कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों की बुवाई के समय पर्याप्त पानी मिलना चाहिए। किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

