HomeUncategorized#एक प्यासी गाय के कारण अस्तित्व में आया नवल नलकूप

#एक प्यासी गाय के कारण अस्तित्व में आया नवल नलकूप

मथुरा। पढ़ने और सुनने में यह बात भले ही विचित्र लगती हो किंतु पूरी तौर पर सच है कि नवल नलकूप एक प्यासी गाय के कारण ही अस्तित्व में आया। यह बात बताने के लिए मेरा मन इसलिए हुआ क्योंकि पिछली बार मैंने एक लेख “रेल के डिब्बे से मेरी अटैची हो गई पार और सब कुछ लुट गया” शीर्षक से लिखा था। इसका मूल मुद्दा नवल नलकूप था। इस लेख को पढ़कर सैकड़ों लोगों का स्नेह एवं आशीर्वाद फेसबुक द्वारा मुझे मिला, जिससे मैं अभिभूत हूं। अब मैं इस नलकूप की स्थापना का योग कैसे बना यह बताता हूं। हमारे बचपन में सिर्फ एक नल घर के बाहर लगा हुआ था जिसका कनेक्शन अंदर लगी बड़ी टंकी से था। जिससे प्यासे लोग पानीं पीते रहते थे। गाय भैंस व अन्य पशुओं के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। पिताजी का विचार हुआ कि पशुओं के लिए भी पानीं पीने की व्यवस्था होनी चाहिए क्योंकि घर के आस-पास पशुओं के पीने के लिए जो टंकीयां थीं वे या तो तोड़कर उस जगह को कब्जा लिया गया था अथवा लोग उसी में शौच आदि धोने लगे थे। बहुत पुरानी सीमेंट की एक टंकी जो शायद मेरे बालपन के समय की थी, घर के अंदर रखी हुई थी और उसका कोई उपयोग नहीं था। पिताजी ने उसे पशुओं के निमित्त लगवाने के उद्देश्य से घर के बाहर रखवाया। संयोग ऐसा हुआ कि उसे किन्हीं कारणों वश यथा स्थान पर फिट करा कर चालू नहीं कराया जा सका। कोई न कोई विघ्न बाधाएं यानी अड़चनें आती रहीं और टंकी के चालू होने का योग ही नहीं बना। एक दिन मैं दरवाजे के पास खड़ा हुआ था कि अचानक मेरी नजर एक गाय पर पड़ी जो दूर से भागी भागी आई और उसने टंकी में पानीं समझकर मुंह अंदर डाला। क्योंकि टंकी खाली थी अतः वह बेचारी हमारे दरवाजे से प्यासी ही चली गई। जब तक मैं घर के अंदर से भगौने में पानी लाऊं तब तक तो वह आंखों से ओझल हो चुकी थी। उस समय भीषण गर्मी के दिन थे तथा दोपहर का समय था। यह दृश्य देखकर मानो मुझे काठ सा मार गया और ऐसा लगा जैसे कोई दुर्घटना घट गई हो। पिताजी को भी यह बात बताई वे भी दुखी हुए। दूसरे दिन ही मिस्त्री को बुलवाकर टंकी फिट कराई तथा पानीं भरने के लिए नल का कनेक्शन भी लगवाया। गाय, भैंस, गधे, घोड़े और कुत्ते आदि उस टंकी में पानीं पीने लगे। यह देख मन बड़ा खुश हुआ किंतु कभी नल आते और कभी नहीं जिससे पानीं का टोटा पढ़ने लगा। अतः पिताजी ने एक हैडपंप लगवा दिया। चूंकि पशुओं की संख्या अधिक होने लगी और हैडपंप का पानी खींचते खींचते मिट्टी दे जाता। अंदर की बात एक और यह कि घर में भी पानी की बहुत दिक्कत होने लगी। अब तो इस समस्या का समाधान खोजना पड़ा और तय हुआ कि हैडपंप की जगह मोटर या जेडपंप लगवाया जाय, जिससे गाय भैंसों आदि के साथ-साथ घर में भी पानीं की दिक्कत दूर हो और आसपास के लोग भी लाभान्वित हों। चूंकि उन दिनों समर्सिबल का चलन नहीं था केवल शुरुआत ही हुई थी यानी कि शायद पूरे शहर में इक्का-दुक्का ही होंगे। इसके पश्चात दरेसी रोड वाले नल गटर आदि के प्रमुख ठेकेदार सुभाष चतुर्वेदी को बुलवाकर सलाह ली गई। उन्होंने कहा कि आप जेडपंप के बजाय एक नई तकनीकी समर्सिबल की चली है, उसे लगवाओ किंतु पिताजी इस बात के लिए तैयार नहीं हुए उन्होंने कहा कि पानीं के अंदर मोटर डालें यह ठीक नहीं है अगर कभी करंट फैल गया तो अनर्थ हो जाएगा। सुभाष बाबू ने उन्हें खूब समझाया किंतु उनके अंदर का डर नहीं निकला। इसके बाद सुभाष जी ने हमारे बड़े भाई साहब प्रमोद कुमार जी को सब कुछ विस्तार से समझाया। उनकी समझ में बात आ गई और उन्होंने पिताजी को भी विश्वास में ले लिया। बस यहीं से शुरू हो गई नवल नलकूप की कहानी। दूसरे दिन से ही हैडपंप वाली बोरिंग को और भी गहरा करने का काम शुरू हो गया। उसके बाद जब पानी का नया स्रोत जो निकला वह पहले की अपेक्षा अधिक मिठास व गुणवत्ता वाला यानी कि वर्षा के जल जैसा दुर्लभ था। और कुछ ही दिन में न सिर्फ पूरे घर में बल्कि घर के बाहर तक भी पानीं के कनेक्शनों का जाल बिछ गया। धीरे-धीरे पानी की मिठास और गुणवत्ता की महक पूरे शहर भर में दिन दूनी और रात चौगुनीं गति से फैलती गई और अब जो स्थिति है वह जगजाहिर है। फिर मैं उसी बात पर आता हूं यानी कि एक प्यासी गाय ही नवल नलकूप के अस्तित्व का मूल आधार बनी। इसके पृष्ठभूमि में ईश्वर की कृपा पूर्वजों के आशीर्वाद के साथ साथ जलदेव यानी वरुण भगवान की भी अपार कृपा रही है जो अमृत जैसे दिव्य जल का स्रोत चमत्कारिक रूप से दे दिया। कुछ माह बाद पिताजी ने देह त्याग दी। भले ही उन्होंने अपनी देह त्याग दी किंतु आज भी उनकी आत्मा इस नलकूप तथा मेरे ऊपर अपना संरक्षण बनाए हुए है। यह केवल भ्रम ही नहीं बल्कि वास्तविकता है ईश्वर की कृपा पूर्वजों तथा संत महात्माओं विशेषकर गुरु महाराज देवराहा बाबा की विशेष अनुकंपा का ही यह परिणाम है जो इतनी बड़ी झोक संभली हुई है। कहते हैं कि गंगा को तो आना ही था किंतु भागीरथ का नाम हो गया, ठीक यही स्थिति हमारी है। एक और रोचक बात जो आपको बताना चाहता हूं वह यह कि हमारे बाबा श्रद्धेय पुरुषोत्तम दास जी तीन भाई थे, दामोदर दास जी व हरप्रसाद जी बड़े थे। इन्होंने जिस जगह पर आज हमारा निवास व नलकूप है उसे धर्मशाला बनवाने के लिए खरीदा था और कुछ दिन चतुर्वेदी पंडों को धर्मशाला चलाने बतौर दिया भी था। हमारे बाबा पिताजी को चार वर्ष का छोड़कर स्वर्गवासी हो गए और फिर बाद में दोनों अन्य बाबाओं का भी स्वर्गवास हो गया। दादी बुद्दो देवी ने जैसे तैसे पिताजी व हमारी बुआ पार्वती देवी को पाला पोसा। यह बड़ा दुखद संयोग था। मेरा मानना है कि भले ही यह स्थान आजकल जैसी धर्मशालाओं के रूप में नहीं है किंतु पूर्वजों की इच्छानुसार धर्म का काम जरूर हो रहा है यानी नवल नलकूप सच्ची धर्मशाला का ही स्वरूप है। अब मैं उन सभी पूर्वजों को नमन करते हुए इस लेख को विराम देता हूं। साथ ही उन सभी सज्जनों का भी हृदय से आभार जो अपनी शुभकामनाओं व आशीर्वाद द्वारा मेरा उत्साहवर्धन कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments