

मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बुधवार को रेलवे मजिस्ट्रेट सूर्यभान सिंह के नेतृत्व में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट और नियम विरुद्ध यात्रा करने वाले 102 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे कुल 1 लाख 3 हजार 993 रुपये का जुर्माना वसूला गया। रेलवे मजिस्ट्रेट, रेल अधिकारियों, टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों और विभिन्न ट्रेनों में सघन जांच की। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने के साथ रेलवे लाइन अनाधिकृत रूप से पार करने, गंदगी फैलाने और धूम्रपान करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पकड़े गए यात्रियों को रेलवे न्यायालय में पेश किया गया, जहां नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि मंडल में इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

