


मथुरा। ब्रज क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और आमजन को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में केडी विश्वविद्यालय के चिकित्सा शिक्षा संस्थान केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। शुक्रवार को संस्थान में सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी और फैमिली मेडिसिन ओपीडी का भव्य शुभारम्भ प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इन दोनों नई ओपीडी के शुरू होने से मथुरा ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श तथा बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस अवसर पर प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। केडी हॉस्पिटल का निरंतर प्रयास है कि ब्रज क्षेत्र के लोगों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उनके अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हों, ताकि गम्भीर बीमारियों के उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श के लिए उन्हें बड़े शहरों की ओर न भागना पड़े। सुपर स्पेशियलिटी और फैमिली मेडिसिन ओपीडी की शुरुआत इसी सोच का परिणाम है। हमारा उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा तकनीक, अनुभवी चिकित्सकों और बेहतर उपचार व्यवस्था के माध्यम से प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने और मरीजों की जरूरतों के अनुरूप नई सेवाएं शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रो-चांसलर ने कहा कि फैमिली मेडिसिन ओपीडी आमजन के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी। इसमें सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के निदान, उपचार और परिवार के सदस्यों की समग्र स्वास्थ्य देखभाल पर ध्यान दिया जाएगा। वहीं सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी के माध्यम से मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। इससे समय और धन की बचत के साथ मरीजों को बेहतर उपचार विकल्प भी मिलेंगे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम शर्मा ने कहा कि केडी हॉस्पिटल लगातार अपनी चिकित्सा सेवाओं को आधुनिक और व्यापक बनाने की दिशा में काम कर रहा है। सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी का शुभारम्भ इसी क्रम में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आज अनेक ऐसी बीमारियां हैं, जिनके उपचार के लिए मरीजों को विशेष विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है। इस नई व्यवस्था से मरीजों को संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे परामर्श लेने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि संस्थान का प्रयास है कि मरीजों को जांच, परामर्श और उपचार की बेहतर सुविधाएं एक ही परिसर में मिलें। चिकित्सा सेवाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब आधुनिक सुविधाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। केडी हॉस्पिटल इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। उप-चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण सिसोदिया ने कहा कि फैमिली मेडिसिन ओपीडी की शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों को ऐसी चिकित्सा व्यवस्था की जरूरत है, जहां उनकी छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को समग्रता से समझते हुए समय पर उचित उपचार और मार्गदर्शन मिल सके। फैमिली मेडिसिन इसी अवधारणा पर आधारित है। इसके माध्यम से मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य परामर्श, सामान्य बीमारियों के उपचार और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विशेषज्ञों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी और फैमिली मेडिसिन ओपीडी एक-दूसरे की पूरक बनकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। इससे ब्रज क्षेत्र में चिकित्सा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। गौरतलब है कि केडी हॉस्पिटल में फैमिली मेडिसिन ओपीडी भूतल पर तथा सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी तीसरी मंजिल पर प्रारम्भ की गई है। दोनों ओपीडी के माध्यम से मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सामान्य और विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। शुभारम्भ अवसर पर विश्वविद्यालय के सीईओ अरुण अग्रवाल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम शर्मा, उप-चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण सिसोदिया, डॉ. मयंक माथुर गैस्ट्रो ओंको सर्जन, डॉ. ज़ुबैर गेस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट, डॉ. उमा शर्मा ओंकोसर्जन, डॉ. बी गोस्वामी न्यूरोलॉजिस्ट, डॉ. सीताराम सिंह कुलराज नेफरोलॉजिस्ट, डॉ. मुकुंद मूंदड़ा गैस्ट्रोसर्जन, डॉ. श्याम बिहारी शर्मा, डॉ. बीपी पांडेय, डॉ. मंजू पांडेय, डॉ. शिप्रा त्रिपाठी, डॉ. अम्बरीश कुमार, डॉ. सौरभ कुलकर्णी, डॉ. अमनजोत कौर चौहान, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, हॉस्पिटल निदेशक कर्नल संदीप ढींगरा, हॉस्पिटल प्रभारी अमित शर्मा, एचआर मैनमेज मनोज गोस्वामी, धीरज अग्रवाल सहित अन्य चिकित्सक और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

