

मथुरा। संविधान दिवस के मौके को संस्कृति विश्वविद्यालय का संतोष मैमोरियल ऑडिटोरियम यूथ पार्लियामेंट 2026 का गवाह बना। स्टूडेंट काउंसिल और कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब के साझा प्रयास से हुए इस आयोजन का विषय था “वन नेशन, वन इलेक्शन”। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य डा.मानवेंद्र प्रताप सिंह ने इस मौके पर संविधान के निर्माण, उसके ऐतिहासिक महत्व और देश की लोकतांत्रिक यात्रा पर विस्तार से बात की।उन्होंने याद दिलाया कि संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हुआ और 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए उन्होंने संविधान निर्माण की प्रक्रिया और उसके प्रावधानों को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद भी लंबे समय तक अंग्रेज़ों के बनाए कानून ही चलते रहे। भारतीय दंड संहिता की जगह भारतीय न्याय संहिता का आना उन्होंने न्याय व्यवस्था में बड़ा बदलाव बताया। आपातकाल, अनुच्छेद 356 और संविधान संशोधनों के उदाहरण देकर उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक परंपराओं को बचाए रखने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। महिला आरक्षण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए हटाए जाने और औपनिवेशिक प्रतीकों की जगह भारतीय पहचान वाले नाम अपनाने पर भी उन्होंने अपनी बात रखी।
“वन नेशन, वन इलेक्शन” पर डा. मानवेंद्र बताया कि 1952, 1957 और 1962 में लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ-साथ हुए थे, लेकिन बाद में राजनीतिक परिस्थितियों के चलते यह सिलसिला टूट गया। उनके मुताबिक बार-बार चुनाव से सरकारी मशीनरी और सुरक्षा बलों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है, जबकि साथ चुनाव होने पर समय और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकता है। उदाहरण के लिए उन्होंने 2024 में ओडिशा में हुए एक साथ चुनावों का ज़िक्र किया। विद्यार्थियों को उनका संदेश साफ़ था कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों को समझना भी उतना ही ज़रूरी है।संस्कृति विवि के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि संविधान सिर्फ अधिकारों की बात नहीं करता, वह कर्तव्यों और आपसी सम्मान का पाठ भी पढ़ाता है। प्रस्तावना के न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों को उन्होंने जीवन में उतारने की सलाह दी। विद्यार्थियों से उन्होंने कहा कि संविधान और कानून को नियमित पढ़ें और सोशल मीडिया पर मिली हर बात को बिना परखे सच न मान लें। “वन नेशन, वन इलेक्शन” पर उनका कहना था कि बार-बार चुनाव होने से समय, पैसा और प्रशासनिक संसाधन बहुत खर्च होते हैं, इसलिए इस व्यवस्था के फ़ायदों और चुनौतियों, दोनों पर गंभीरता से सोचना ज़रूरी है। कैप्स के निदेशक डॉ. रजनीश त्यागी ने भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता और युवाओं की भूमिका पर अपनी बात रखी। डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. अंबेडकर को याद करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान दिवस पर संसद का मॉडल रचने की इस पहल के लिए बधाई दी। संसद को “लोकतंत्र का मंदिर” बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत की पहचान केवल उसकी सीमाओं से नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति, परंपराओं और इतिहास से भी बनती है। युवाओं को उन्होंने सलाह दी कि किसी भी विचार को मानने से पहले उसे ठीक से पढ़ें-समझें और इतिहास, कानून व संविधान को जानने की आदत डालें।कार्यक्रम के दौरान कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने मुख्य अतिथि डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह का स्वागत किया, जबकि डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने शिक्षाविद डॉ. राकेश चतुर्वेदी को सम्मानित किया। संस्कृति स्टूडेंट काउंसिल के अध्यक्ष अभिषेक वार्ष्णेय ने चांसलर डॉ. सचिन गुप्ता को सम्मानित किया और डॉ. धर्मेंद्र सिंह तोमर ने अमित कुमार को। स्टूडेंट काउंसिल की उपाध्यक्ष गौरांशी गुप्ता ने डॉ. मीनाक्षी शर्मा को और प्रांजल गुप्ता ने डॉ. रजनीश त्यागी को सम्मानित किया। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह, चांसलर डॉ. सचिन गुप्ता, स्टूडेंट काउंसिल अध्यक्ष अभिषेक वार्ष्णेय, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. धर्मेंद्र सिंह तोमर, डॉ. रजनीश त्यागी और डॉ. राकेश चतुर्वेदी ने मिलकर दीप जलाया।सभी अतिथियों के बाद स्टूडेंट काउंसिल के अध्यक्ष अभिषेक वार्ष्णेय ने सदन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय युवा संसद 2026 के अध्यक्ष के रूप में आज इस मंच पर खड़े होकर मैं गर्व और दायित्व, दोनों का अनुभव कर रहा हूँ। संविधान दिवस हमें केवल हमारे अधिकारों और कर्तव्यों की याद नहीं दिलाता, बल्कि उस दूरदृष्टि और राष्ट्रीय एकता की भावना को भी जीवंत करता है, जिसने विविधताओं से भरे भारत को एक सशक्त लोकतांत्रिक सूत्र में पिरोया है। आज के इस विशेष सत्र का विषय है, ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’। युवा संसद के इस मंच पर इस विषय पर चर्चा होना अत्यंत प्रासंगिक है।कार्यक्रम का सबसे रोचक हिस्सा रही सदन की कार्यवाही, जो असली संसद की प्रक्रिया पर आधारित थी। विद्यार्थियों ने अलग-अलग पद और मंत्रालय संभाले और पूरे आत्मविश्वास के साथ बहस में हिस्सा लिया। छात्र रसिक शरण दुबे स्पीकर बने और ऋषभ खंडेलवाल सेक्रेटरी जनरल। सत्ता पक्ष की ओर से कलश शर्मा प्रधानमंत्री रहे। उनके मंत्रिमंडल में सुभ्राज नंदी (गृह), रजत (रक्षा), पूनम (वित्त), प्रिया (संसदीय कार्य), रानी (विदेश), आयुषी (कानून एवं न्याय), राम (सामाजिक न्याय), गरिमा ठाकुर (शिक्षा), किशोरी (सड़क परिवहन एवं राजमार्ग), रीत (पंचायती राज), पार्थ (सूचना एवं प्रसारण) और रोहित (ग्रामीण विकास) शामिल थे। विपक्ष की कमान महिमा बाजपेई के हाथ में थी, जो नेता प्रतिपक्ष बनीं, और प्रशांत उपनेता। यथार्थ मुख्य सचेतक और केशव प्रवक्ता रहे। हार्दिक, अन्नू, रानी, हिमांशी, गोपाल और मीनाक्षी विपक्षी सांसद के रूप में बहस में उतरे। प्रस्तावों और चर्चाओं को सलीके से आगे बढ़ाने का काम ड्राफ्टिंग कमेटी ने संभाला, जिसमें हिमानी बोरा, सौम्या, गरिमा और नंदिता शामिल थीं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सवाल-जवाब और तर्क-वितर्क चले तो माहौल सचमुच संसद जैसा हो गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने संसदीय प्रक्रिया के साथ-साथ मंच पर बोलने की कला, टीमवर्क और नेतृत्व के गुर भी सीखे।कार्यक्रम के डायरेक्टर इशान समीर और हिमानी बोरा रहे, जिन्होंने योजना बनाने से लेकर टीमों के तालमेल और पूरी व्यवस्था तक की ज़िम्मेदारी निभाई। स्टूडेंट काउंसिल की ओर से अध्यक्ष अभिषेक वार्ष्णेय और उपाध्यक्ष गौरांशी गुप्ता व प्रांजल गुप्ता ने तैयारियों और प्रबंधन में अहम योगदान दिया। मंच संचालन दिया दास और मोक्षदा चौहान ने किया। रिपोर्टिंग टीम में श्रुति कर्मकार, रागिनी चाहर और तुषार वाष्णे ने कार्यक्रम के खास पलों को दर्ज किया। उपाध्यक्ष ऋषभ खंडेलवाल और सभी सदस्यों का पूरा सहयोग रहा। फैकल्टी कोऑर्डिनेटर नितीश अग्रवाल और लव गोस्वामी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया, और डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. धर्मेंद्र सिंह तोमर के सहयोग से पूरा आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हुआ।

