
मथुरा के राधा नगर स्थित गुरुद्वारे के समीप पंजाबी पार्क में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मथुरा की साध-संगत ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में आनंदपुर से आए राजी जत्थे के साथ मथुरा की अमनदीप कौर ने गुरबाणी कीर्तन कर संगत को निहाल किया। दोपहर ढाई बजे तक कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसके बाद अरदास की गई और गुरु का अटूट लंगर एवं प्रसाद वितरित किया गया।इस दौरान राधा नगर गुरुद्वारे के जितेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मान्यता के अनुसार गुरु नानक देव जी मथुरा पधारे थे और मसानी स्थित गुरुद्वारे में उनके पवित्र चरण पड़े थे। बताया गया कि गुरु नानक देव जी यहां 40 दिनों तक रुके थे। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में लगातार धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।इस मौके पर जितेंद्र सिंह, रघुवीर सिंह ओबेरॉय और रानी भाई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

