मथुरा। हाथरस पीड़िता परिवार की सहायता के लिए जा रहे सपा कार्यकर्ता प्रदीप चौधरी सहित करीब 10 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पुष्पांजली उपवन से गिरफ्तार कर लिया। वहीं नगर के सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं पर पुलिस और खुफिया विभाग की पैनी नजर है।
घर से बाहर हाथरस के लिए निकलते ही हाईवे थाना प्रभारी द्वारा गिरफ्तार किए जाने का सपा नेता प्रदीप चौधरी, वीरेन्द्र यादव ने विरोध किया, लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी। गोवर्धन विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रदीप चौधरी और सपा के पूर्व जिला महासचिव वीरेंद्र यादव ने अधिकारियों को बताया कि वह शांतिपूर्ण तरीके से पीड़ित परिवार को सांत्वना देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानवीय परंपराओं के आधार पर उस बेटी को न्याय दिलाने की मांग करना कोई जुर्म नहीं है। परंतु प्रशासन ने नारेबाजी कर रहे समाजवादी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बात तक सुनना उचित नहीं समझा। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र नहीं तानाशाही है। सरकार पीड़ित परिवार से मिलने से रोक रहीं है। यह कैसी कानून व्यवस्था है।
समाजवादी लोहिया वाहिनी के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष मुन्ना मलिक ने पुलिस एवं प्रशासन की इस कार्रवाई को दमनकारी बताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने दुराचार पीड़ित बेटी की मौत के लिए प्रदेश की लचर एवं पंगु कानून व्यवस्था को जिम्मेदार बताया।