लखनऊ। हाथरस में गैंगरेप पीड़िता के परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी को नोएडा में यूपी पुलिस द्वारा यमुना एक्सप्रेसवे पर हिरासत में लेने के बाद कांग्रेस भड़क गई है। पार्टी ने राहुल-प्रियंका को हिरासत में लेने के विरोध में पूरे प्रदेश में प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से कार्यकर्ताओं को सभी जिलों, विधानसभा, ब्लाक में प्रदर्शन का निर्देश दिया है।
पुलिस ने धारा 144 और महामारी एक्ट का हवाला देकर राहुल और प्रियंका को हाथरस जाने से मना किया। लेकिन वे नहीं माने और उनकी तीखी झड़प भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने राहुल और प्रियंका गांधी समेत अन्य कार्यकर्ता हिरासत में ले लिए गए। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के बाद जेवर पुलिस थाने ले जाया गया है। इस दौरान राहुल और प्रियंका को जिस गाड़ी में थाने ले जाया गया, उसे एक्सप्रेस वे पर रॉन्ग साइड चलाया गया। साथ ही जो भी कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान गाड़ी के सामने आने का प्रयास करते दिखे उन्हें रोका गया।
…जब राहुल गांधी ने पुलिस से पूछा- बताइए धारा 144 क्या होती है?
पैदल हाथरस जा रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को जब रोका गया तो उन्होंने सवाल किया कि किस कानून के तहत उन्हें रोका जा रहा है? इसी पर पुलिस ने कहा कि धारा 144 और महामारी एक्ट के तहत। इस पर राहुल ने पूछा बताइए मुझे, धारा 144 क्या होती है? इस बहस के बीच राहुल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। नोएडा के एडीसीपी रणविजय सिंह ने कहा कि हमने उन्हें यहां रोक दिया है। इन लोगों ने महामारी एक्ट का उल्लंघन किया है। माननीय हाईकोर्ट की अवमानना हो रही है। हम इन्हें आगे नहीं जाने देंगे।
क्या बोले राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि अभी-अभी पुलिस ने मुझे धक्का दिया, लाठी मारी और मुझे जमीन पर फेंक दिया। उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि क्या इस देश में सिर्फ मोदी जी को पैदल चलने का अधिकार है, हमारे जैसे आम लोग पैदल नहीं चल सकते। हमारी गाड़ियां रोकी गई इसलिए हम पैदल चल रहे हैं।