लखनऊ। कांग्रेस ने बागपत में साधु का शव मिलने के बाद गोंडा में एक पुजारी को गोली मारे जाने को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि गोंडा में राम जानकी मंदिर के पुजारी सम्राट दास को भूमाफियाओं ने गोली मार दी। भूमाफियाओं और सत्ता के गठजोड़ ने उत्तरप्रदेश को अपराध के हवाले कर दिया है।
कांग्रेस ने दावा किया है कि प्रदेश में पिछले 2 साल में 20 साधुओं की हत्या की हुई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपनी एक फेसबुक पोस्ट में यह दावा किया है। अजय कुमार लल्लू ने ट्वीट किया कि गोंडा में रामजानकी मंदिर के पुजारी सम्राट दास को भूमाफियाओं ने गोली मार दी। भूमाफियाओं और सत्ता के गठजोड़ ने उत्तर प्रदेश को अपराध के हवाले कर दिया है। सरकार की जवाबदेही शून्य है, सीएम की संवेदना मरी है, बतोलेबाजी बढ़ी है। यह कथित रामराज्य है जहां कोई सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में भी यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए फेसबुक पोस्ट में एक मैप भी पोस्ट किया जिसमें यह उल्लेख था कि प्रदेश में कहां-कहां साधुओं को निशाना बनाया गया है। इससे पहले उन्होंने यूपी की राज्यपाल के लिए पोस्ट किया कि आखिर वह चुप क्यों है?
उत्तर प्रदेश में हत्याओं का अंबार है, यह कैसा रामराज्य है?
गोंडा जिले में एक पुजारी को लंबे समय से चले आ रहे संपत्ति विवाद को लेकर शनिवार रात में गोली मार दी गई। पीड़ित सम्राट दास, राम जानकी मंदिर में पुजारी हैं। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन रविवार तड़के इलाज के लिए लखनऊ रेफर करना पड़ा। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर है। चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
गोंडा से पहले, बागपत में यमुना नदी में साधु का शव मिलने से हड़कंप मच गया। नदी से शव को निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान की कोशिश जारी है। भगवा रंग के पोशाक में बरामद किया गया यह शव मध्यम आयु वर्ग का लग रहा है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से उनकी मौत का कारण पता चलेगा।