- वासंतिक नवरात्रि 2021 तक चलेगा मिशन शक्ति अभियान
- वृंदावन कोतवाली मेंं महिला सुरक्षा को लेकर महिलाओं ने रखे विचार
वृंदावन। एडीजी आगरा जोन अजय आनन्द ने कहा कि नारी सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति अभियान की शुरुआत 17 अक्टूबर से चलाया गया है। यह अभियान शारदीय नवरात्रि से शुरु होकर वासंतिक नवरात्रि तक यानि 2021 तक चलाया चलाया जाएगा। जिस प्रकार वृंदावन कोतवाली में महिलाओं की समस्या संरक्षित माहौल में महिला पुलिस द्वारा सुनने के लिए एक कक्ष बनाया गया है, ठीक उसी प्रकार जोन के सभी थानों मेंं छह माह के अन्दर कक्ष का निर्माण किया जाएगा। इस कक्ष में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। जो कि महिलाएं संरक्षित माहौल में पुलिस के सामने अपनी बात रख सकें।
एडीजी ने वृंदावन कोतवाली में बुधवार को महिलाओं की शिकायत सुनने के लिए रातोंरात बने कक्ष एवं मिशन शक्ति डेस्क का उदघाटन किया। यहां उन्होंने विदेशी महिलाओं, छात्रों के महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विचार सुने। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार जोन में सभी थानों में महिला डेस्क का शुभारंभ हो गया है। पुलिस पूरी तत्परता के साथ महिलाओं की रक्षा और उनकी समस्याओं के निदान का हर संभव प्रयास करेगी।
एडीजी अजय आनंद ने नारी शक्ति को भरोसा दिलाया कि उनके साथ होने वाले किसी भी अपराध या अन्याय के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस हमेशा उनके साथ है। साथ ही उन्होंने वूमेन पावर लाइन 1090 एवं डायल 112 के बारे में छात्राओं, युवतियों एवं महिलाओं को अवगत कराया। डीएम सर्वज्ञ राम मिश्रा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं के प्रति अपराध करने वाले अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है। किसी भी समस्या के समाधान के लिए वह तत्काल टोल फ्री नंबर एवं हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी एवं एडिशनल एसपी आरती सिंह ने अभियान की रूपरेखा से अवगत कराया।