Wednesday, March 25, 2026
Homeन्यूज़न्यूज़यूपी में रक्षाबंधन के बाद होगा मंत्रिमंडल का विस्तार, एके शर्मा सहित...

यूपी में रक्षाबंधन के बाद होगा मंत्रिमंडल का विस्तार, एके शर्मा सहित कई नए चेहरे बनेंगे मंत्री

लखनऊ। उत्तरप्रदेश की योगी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार रक्षाबंधन के बाद होने जा रहा है। इसके साथ ही विधान परिषद के चार सदस्यों का मनोनयन भी होगा। बृहस्पतिवार रात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में हुई उच्च स्तरीय बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार और मनोनयन पर मुहर लगी। मंत्रिमंडल में मोदी के करीबी पूर्व नौकरशाह एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पूर्व मंत्री जितिन प्रसाद और निषाद पार्टी के संजय निषाद सहित अन्य नेताओं को मंत्री बनाया जा सकता है।

विधानमंडल का मानसून सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार शाम दिल्ली पहुंचे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी पश्चिमी यूपी के जिलों का दौरा कर दिल्ली पहुंच गए। अमित शाह के निवास पर रात 8 बजे शुरू हुई बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार और विधान परिषद सदस्यों के मनोनयन पर मंथन हुआ।

सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ हुई बातचीत में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सामाजिक समीकरण साधने के लिए कुछ नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल करने पर सहमति बनी है। विधान परिषद में चार सदस्यों का मनोनयन किया जाना है। इनमें संजय निषाद, जितिन प्रसाद, लक्ष्मीकांत बाजपेयी सहित अन्य दावेदार कतार में है।

जानकारी के मुताबिक संजय निषाद के साथ ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई है। ओबीसी आरक्षण को लेकर राज्यों को मिले अधिकार तहत प्रदेश की कुछ सामान्य जातियों को ओबीसी में आरक्षण दिया जा सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments