
सुनम साहा को वुमन साइंटिस्ट अवॉर्ड, कुलदीप सिंह को मिला बेस्ट रिसर्चर अवॉर्ड
मथुरा। राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी के दो सहायक प्राध्यापकों को हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मेलन में फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री विभाग की सहायक प्राध्यापक सुनम साहा को ‘वुमन साइंटिस्ट अवॉर्ड’ तो संस्थान के फार्माकोलॉजी विभाग के सहायक प्राध्यापक कुलदीप सिंह को ‘बेस्ट रिसर्चर अवॉर्ड’ से नवाजा गया।
हाल ही में हरिद्वार स्थित गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के तहत ‘हेल्थ केयर, केमिकल, बायोलॉजिकल और फार्मास्युटिकल साइंसेज में अनुसंधान, विकास और नवाचार’ विषय पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में देश-विदेश के नामचीन शिक्षाविदों और वैज्ञानिकों ने अपने-अपने अनुभव और शोध-पत्र प्रस्तुत किए। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी के दो सहायक प्राध्यापकों ने भी अपने-अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए।
सम्मेलन के समापन अवसर पर राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी के फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री विभाग की सहायक प्राध्यापक सुनम साहा को ‘वुमन साइंटिस्ट अवॉर्ड’ प्रदान किया गया। यह पुरस्कार विज्ञान के क्षेत्र में उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों, नवाचार और युवा शोधकर्ताओं को मार्गदर्शन देने के लिए प्रदान किया गया। इसी क्रम में संस्थान के फार्माकोलॉजी विभाग के सहायक प्राध्यापक कुलदीप सिंह को ‘बेस्ट रिसर्चर अवॉर्ड’ प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान उनके शोध कार्यों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अकादमिक उत्कृष्टता और स्वास्थ्य विज्ञान में उनके निरंतर योगदान के लिए दिया गया।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी के सहायक प्राध्यापकों की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। डॉ. अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि हमारे संकाय सदस्यों का अंतरराष्ट्रीय पटल पर सम्मानित होना संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह पूरे आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के लिए गर्व और गौरव की बात है।
केडी यूनिवर्सिटी के उप-कुलाधिपति मनोज अग्रवाल ने दोनों प्राध्यापकों को बधाई देते कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में उन्होंने अपने शोध कार्यों से जो सम्मान हासिल किया है, यह उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है लेकिन इससे संस्थान गौरवान्वित है। श्री अग्रवाल ने कहा कि दोनों प्राध्यापकों के ये शोध फार्मेसी शिक्षा के भविष्य को संवारने में काफी मददगार साबित होंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ. हिमांशु चोपड़ा ने भी दोनों प्राध्यापकों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। डॉ. चोपड़ा ने कहा कि सुनम साहा और कुलदीप सिंह की यह उपलब्धि छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का काम करेगी। विश्वास है कि संस्थान के विद्यार्थी अपने शिक्षकों से प्रेरित होकर शोध और नवाचार के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देंगे।
चित्र कैप्शनः गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में अतिथियों के हाथों अवॉर्ड ग्रहण करते राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी के सहायक प्राध्यापक।

