


चौमुहां । नरी सेमरी माता मंदिर से अपने छह माह के मासूम बेटे का मुंडन कराकर लौट रहे एक परिवार की खुशियां सोमवार को पल भर में मातम में बदल गईं। चौमुहां के निकट बाइक खराब होने पर सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे परिवार को कोसी की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार लोडिंग टेंपो ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसके छह माह के बेटे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में मृतक की पत्नी और बहन की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव ऊंचागांव (नगला बहरावती) निवासी मनीष (20 वर्ष) सोमवार को अपनी पत्नी यशोदा, बहन मीनू और छह माह के मासूम पुत्र हिमांशु के साथ नरी सेमरी मंदिर दर्शन और बेटे का मुंडन संस्कार कराने गया था। मंदिर से मुंडन और पूजा-अर्चना के बाद पूरा परिवार खुशी-खुशी वापस लौट रहा था। तभी चौमुहां के निकट उनकी बाइक अचानक खराब हो गई। मनीष अपनी बाइक को सड़क किनारे खड़ी करके पत्नी और बहन के साथ किसी दूसरे वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कोसी कलां की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित लोडिंग टेंपो ने उन्हें भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मनीष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में ग्रामीण व राहगीर घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल यशोदा, मीनू और छह माह के मासूम हिमांशु को तुरंत अस्पताल भिजवाया। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; इलाज के दौरान मासूम हिमांशु ने भी दम तोड़ दिया। डेढ़ वर्ष पूर्व मनीष की शादी चौमुहां के गांव नोगांव निवासी जशोदा से हुई थी। छह माह पूर्व बेटे मनीष का जन्म हुआ जिसका मुंडन संस्कार कराने मनीष अपनी बहन और पत्नी के साथ सेमरी गए थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था अचानक घर की खुशियां मातम में बदल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी टेंपो को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पिता और पुत्र के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। एक साथ पिता-पुत्र की मौत की खबर से गांव में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

