

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार की रात्रि नंदगांव रोड स्थित जिंदल पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान राजस्थान के कामां से आ रही बोलेरो पिकअप से करीब 1000 किलो संदिग्ध पनीर बरामद किया। पनीर की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चालक/मालिक अमर सिंह से पनीर के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख मांगे, लेकिन वह अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर टीम ने दो नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे। वहीं अस्वच्छकर, दूषित एवं संदिग्ध पाए गए करीब 1000 किलो पनीर को जनहित में मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। टीम ने बताया जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। टीम में जितेंद्र सिंह, मोहर सिंह कुशवाह और धर्मेंद्र खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे। खाद्य विभाग की टीम के द्वारा की गई कार्यवाही से नकली पनीर बेचने और बनाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

