
वृंदावन। श्यामसुंदर धानुका सरस्वती विद्या मंदिर के प्रतिभाशाली छात्र मयंक तोमर कक्षा 10 ने हरिद्वार में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। मयंक ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक, लॉन्ग जंप में द्वितीय स्थान तथा हाई जंप में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मयंक की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के आधार पर नेशनल गेम्स के लिए उनके चयन से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। उनकी इस सफलता को कठिन परिश्रम, अनुशासन, निरंतर अभ्यास एवं उचित मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार तिवारी ने मयंक तोमर को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की। उनके खेल प्रशिक्षक गगन शर्मा ने भी मयंक के परिश्रम, लगन और खेल के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।
विद्यालय के प्रबंधक पद्मनाभ गोस्वामी, अध्यक्ष अनिल गोस्वामी, कोषाध्यक्ष शिवेंद्र गौतम एवं सोहन झा ने भी मयंक को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियाँ अन्य बच्चों को खेलकूद के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती हैं।
विद्यालय परिवार ने मयंक तोमर की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशा जताई कि वे आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, वृंदावन और देश का नाम रोशन करेंगे।

