

कोसीकलाथाना शेरगढ़ क्षेत्र के ग्राम नारायणगढ़ में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटी पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। मौके पर पनीर बनाने में मिल्क पाउडर, पामोलीन तेल, सोयाबीन दाल और विभिन्न केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने कार्रवाई के दौरान 350 किलो दूषित पनीर और 3000 लीटर दूध नष्ट कराया, जिसकी कुल कीमत करीब 2 लाख 67 हजार 500 रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली अभिसूचना के आधार पर 3 नवंबर 2026 को ग्राम नारायणगढ़, थाना शेरगढ़, तहसील छाता में तस्लीम पुत्र अयूब की पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान मौके पर मिल्क पाउडर, रैनिपोल व्हाइटनिंग एजेंट, पापड़ी (सोडियम हाइड्रोसल्फेट), रिफाइंड पामोलीन ऑयल, सोयाबीन दाल और केमिकल का प्रयोग कर पनीर तैयार किया जा रहा था।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच के लिए पनीर, दूध, 75 किलो मिल्क पाउडर, 60 किलो सोयाबीन दाल, 225 किलो पामोलीन तेल, 1200 ग्राम पापड़ी और 500 ग्राम रैनिपोल केमिकल के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे हैं। कार्रवाई के दौरान टीम ने 350 किलो दूषित पनीर, जिसकी कीमत करीब 87,500 रुपये, तथा 3000 लीटर दूध, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है, मौके पर नष्ट कराया। वहीं, अन्य सामग्री को सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया। विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई जारी है।

