Friday, March 29, 2024
Homeस्वास्थ्यनिराश रोशन की उम्मीदें के.डी. हास्पिटल में हुईं रोशन, चिकित्सकों ने प्रत्यारोपित...

निराश रोशन की उम्मीदें के.डी. हास्पिटल में हुईं रोशन, चिकित्सकों ने प्रत्यारोपित किया कूल्हा

मथुरा। के.डी. मेडिकल कालेज-हास्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. हर्षित जैन और उनकी टीम ने सौंख, मथुरा निवासी 65 वर्षीय रोशन सिंह के कूल्हे का प्रत्यारोपण कर उसकी उम्मीदों को पुनः जिन्दा कर दिया है। कूल्हा प्रत्यारोपण के बाद रोशन सिंह बिना किसी सहारे के न केवल चल-फिर पा रहे हैं बल्कि उनके निराश चेहरे पर रौनक लौट आई है।
रोशन सिंह कूल्हे के दर्द से पिछले एक साल से परेशान थे। चल-फिर सकने में असमर्थ रोशन सिंह दो माह से चारपाई पर ही लेटे रहते थे, जिसकी वजह से उनके घुटनों की मांसपेशियां भी सिकुड़ गईं और एक पैर 10-12 सेंटीमीटर छोटा हो गया। उनके परिजनों ने उन्हें दिल्ली, जयपुर, आगरा के विभिन्न अस्पतालों में दिखाया लेकिन समस्या यथावत बनी रही। रोशन सिंह काफी निराश थे और भविष्य में दोबारा अपने पैरों पर खड़े होने की उम्मीद भी छोड़ चुके थे। आखिरकार रोशन सिंह के परिजनों को उम्मीद की आखिरी किरण के.डी. मेडिकल कालेज-हास्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर में दिखी और वे डा. हर्षित जैन से मिले। डा. जैन ने रोशन सिंह की कुछ जांचें कराईं जिनसे पता चला कि रोशन सिंह के कूल्हे की हड्डी न केवल गल गई है अपितु वह अंदर भी धंस गई है। हड्डी गल जाने से रोशन के पैर की मांसपेशियां भी सिकुड़ गईं और एक पैर छोटा हो गया है।
डा. हर्षित जैन के नेतृत्व और डा. हरीश चंद्र तालान, डा. हेमराज, निश्चेतना विशेषज्ञ डा. मंजू, डा. विदुषी, डा. दीपक, ओटी टेक्नीशियन पवन, राहुल, प्रदीप, राजवीर आदि के सहयोग से रोशन सिंह का कूल्हा प्रत्यारोपित किया गया। डा. हर्षित जैन का कहना है कि यह सर्जरी काफी जटिल थी। इसमें न केवल कूल्हा प्रत्यारोपित किया गया बल्कि घुटने की मांसपेशियों को भी सही किया गया।
विभागाध्यक्ष आर्थो डा. हरीश चंद्र तालान का कहना है कि अब रोशन पूरी तरह से स्वस्थ है तथा बिना सहारे के चल-फिर पा रहा है। रोशन के पैर की लम्बाई भी सही हो गई है। रोशन के परिजनों ने सफल सर्जरी के लिए के.डी. हास्पिटल के चिकित्सकों का आभार माना है। आर.के. एज्यूकेशन हब के अध्यक्ष डा. रामकिशोर अग्रवाल, चेयरमैन मनोज अग्रवाल, डीन डा. रामकुमार अशोका, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. राजेन्द्र कुमार ने सफल सर्जरी के लिए चिकित्सकों की टीम को बधाई दी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments