गोंडा। राजस्थान में पुजारी को जिंदा जलाने के बाद अब उत्तर प्रदेश में जमीन विवाद में गोंडा जिले में एक पुजारी को गोली मारी दी है। यह घटना इटियाथोक कोतवाली क्षेत्र के तिर्रे मनोरमा गांव में स्थित राम जानकी मंदिर की है। बताया जा रहा है कि श्री राम जानकी मंदिर के पुजारी को शनिवार की रात लगभग दो बजे गोली मार दी गई। गोली लगने से पुजारी अतुल बाबा उर्फ सम्राट दास गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया है। यह मामला भी जमीन विवाद का बताया जा रहा है।
जमीन को लेकर चल रहा है विवाद
मिली जानकारी के अनुसार मनोरमा नदी के उद्गम स्थल को लेकर राम जानकी मंदिर के पुजारी सीताराम दास का भू-माफियाओं से काफी दिनों से विवाद चल रहा है। पिछले साल हमला भी हुआ था। शनिवार देर रात इन लोगों ने मंदिर के दूसरे पुजारी बाबा सम्राट दास को गोली मार दी और फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो और आरोपी फरार हो गए हैं।
बता दें पिछले साल बाबा सीताराम दास पर भी बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था और इस मामले में अभी पुलिस जांच जारी है। इसी बीच बाबा सम्राट दास को इन लोगों ने गोली मार दी है। पुजारी को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया।
दो आरोपी अभी भी फरार
एसएसपी शैलेष कुमार पांडेय ने बताया कि इस घटना में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और हमले में शामिल दो अन्य लोगों की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। एसपी ने बताया कि पुजारी सम्राट दास की हालत खतरे से बाहर है और लखनऊ में उनका इलाज चल रहा है। इस पूरे मामले में जल्द सभी आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया जाएगा। दोनों पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।