अमूमन एक इंसान के मुंह में 32 और अधिक से अधिक 36 दांत होते हैं। लेकिन दांतों की एक ऐसी खबर चेन्नई से आई हैं कि आप दांतों तले अंगुली दबा जाएंगे। दरअसल ये चौका देने वाला मामला चेन्नई से सामने आया है।

हैरान कर देने वाली बात है कि यहां पर एक निजी अस्पताल में ऐसा कुछ हुआ कि जिसके बारे में कोई सोच भी नहीं सकता है। बताया जा रहा है कि डॉक्टरों ने सर्जरी करके एक सात साल के बच्चे के मुंह में से 526 दांत निकाले हैं। मुंह से इतने सारे दांत निकालने वाले डॉक्टर भी ये देख हैरान रह गए। इस बात को सुनने के बाद किसी को भी विश्वास नहीं हो रहा है।

इस बारे में डॉक्टरों का कहना है कि बच्चा Compound Composite Ondontome नाम के एक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित था। बच्चे के दाहिने जबड़े में अचानक सूजन की वजह से उसे अस्पताल लाया गया। यह घटना चेन्नई के सविता डेंटल कॉलेज और अस्पताल की है। अस्पताल के ओरल और मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग के पी.सेंथिलनाथन ने कहा कि बच्चे के माता-पिता ने इस सूजन को सबसे पहले तब देखा जब वह तीन साल का था, लेकिन चूंकि यह सूजन तब उतनी ज्यादा नहीं थी इसलिए उन्होंने इस पर उतना ध्यान नहीं दिया और बच्चे ने भी इस बारे में पूछताछ करने पर ज्यादा कुछ नहीं बताया।

डॉक्टरों के मुताबिक सूजन बढ़ने पर माता-पिता अपने बच्चे को अस्पताल में लेकर आए। डॉक्टर ने कहा कि बच्चे के निचले दाहिने जबड़े के सीटी स्कैन और एक्स-रे में बहुत सारे छोटे-छोटे अल्पविकसित दांत दिखाई दिए, इसके बाद डॉक्टरों ने सर्जरी करने का फैसला लिया।

डॉक्टर को इस सर्जरी में करीब 5 घंटे का समय लगा। इस बारे में ओरल और मैक्सिलोफेशियल पैथलॉजी विभाग की प्रमुख और प्राध्यापक प्रतिभा रमणी ने कहा कि सर्जरी के तीन दिन बाद लड़का अभी स्वस्थ बताया जा रहा है।