Friday, May 17, 2024
Homeडिवाइन (आध्यात्म की ओर)दाऊजी महाराज का कल धूमधाम से मनेगा 440 वां पाटोत्सव, मंदिर में...

दाऊजी महाराज का कल धूमधाम से मनेगा 440 वां पाटोत्सव, मंदिर में बजेगी शहनाई


बल्देव। बृज के राजा दाऊजी महाराज का 440 वां पाटोत्सव अगहन पूर्णिमा पर 30 दिसंबर यानि कल धूमधाम से मनाया जाएगा। इस पूर्णिमा को गद्दल (रजाई) पूर्णिमा भी कहते हैं। मंदिर के पुजारी दाऊजी बाबा और रेवती मैया को रजाई धारण करेंगे। इसके अलावा दाऊजी के द्वारा पर शहनाई वादन होगा। इससे पहले पंचामृत से दाऊजी का अभिषेक और बलभद्र यज्ञ का आयोजन होगा। दाऊजी में बड़े पर्व के रुप में मनाए जाने वाली अगहन पूर्णिमा से ही लक्खी मेला का आयोजन होता है। लेकिन इस बार कोविड-19 के चलते इस बार दाऊजी महाराज मंदिर से शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी न ही सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आपको बता दें कि दाऊजी महाराज को सर्दी से बचाने के लिए अगहन पूर्णिमा से गद्दल (रजाई) ओढ़ाई जाती है। इसी कारण अगहन पूर्णिमा को गद्दल पूनौ के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि ब्रज के राजा सभी को संदेश देते हैं कि सर्दी से बचाव के लिए उन्होंने स्वयं रुई से निर्मित रजाई धारण कर ली है, अब भक्त भी सर्दी से बचाव के लिए तैयारी कर लें।

बलदेव के श्री दाऊजी मंदिर में यह मेला मार्गशीर्ष शुक्ल पूर्णिमा से शुरू होता है। मान्यता है कि मार्गशीर्ष शुक्ल 15 संवत 1638 ईस्वी सन 1582 को बलदेव और माता रेवतीजी के विग्रह का प्राकट्य हुआ था। प्राकट्य महोत्सव के संबंध में बताया जाता है कि श्रीमदबल्लभाचार्य महाप्रभु के पौत्र गोस्वामी गोकुलनाथ ने पर्ण कुटी में श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की। एक वर्ष बाद दोबारा नव निर्मित देवालय में संवत 1639 मार्गशीर्ष पूर्णिमा सन 1583 को नए विशाल देवालय में प्राण प्रतिष्ठा की। पूजा का भार गोस्वामी कल्याण देव को सौंपा गया। उनके वंशज आज भी इस परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं।

बता दें कि नए देवालय का निर्माण दिल्ली निवासी श्यामलाल सेठ ने कराया था। इसमें युगल विग्रह विधिविधान से प्रतिष्ठित किए गए। तभी से मेला का आयोजन स्मृति स्वरूप पाटोत्सव मेला के रूप में होता आ रहा है। मेले में लाखों श्रद्धालु उमड़ते हैं इसी कारण इसे लक्खी मेला के नाम से जाना जाता है।

दाऊजी मंदिर के रिसीवर आरके पाण्डेय ने बताया कि दाऊजी महाराज के पाटोत्सव की तैयारी पूरी कर ली गई है। भक्तों द्वारा कश्मीरी पश्मीना की रजाई दाऊजी महाराज को धारण कराई जाएगी। भलभद्र महायज्ञ और बलभद्र सहस्त्रनाम का पाठ किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर में शहनाई वादन होगा। लेकिन इस बार कोविड-19 के चलते शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी न ही मंदिर में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सादगीपूर्ण तरीके से दाऊजी महाराज का पाटोत्सव मनाया जाएगा।

कुषाणकालीन है दाऊजी का विग्रह

पुरातत्ववेत्ताओं के अनुसार मंदिर में स्थापित विग्रह कुषाणकालीन है। ब्रज के प्राचीन देवालयों में ब्रजराज का विग्रह ही सबसे प्राचीन है। विशाल सिंहासन पर स्थापित यह विग्रह आठ फीट ऊंचा और साढे़ तीन फीट चौड़ा श्याम वर्ण है। पीछे शेषनाग सात फनों से युक्त मुख्य मूर्ति पर छाया कर रहे हैं जो साक्षात स्वरूप में शेषनाग हैं। ब्रजराज के सामने उनकी सहधर्मिणी रेवती मैया का बड़ा मनोहारी स्वरूप में विग्रह स्थापित है। बताया जाता है कि पहली बार ब्रजराज को खीर का भोग लगाया गया था। यही परंपरा आज भी चली आ रही है। राजभोग में दाऊजी को खीर का भोग अवश्य लगाया जाता है। बाल भोग में माखन मिश्री का भोग लगता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments