नई दिल्ली। तीन नवीन कृषि कानूनों के विरोध में शनिवार को किया गया चक्का जाम हरियाणा के फ़तेहाबाद में किसानों ने वाहनों के हॉर्न बजाकर चक्का जाम समाप्त किया। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को छोड़कर अन्य राज्यो में किसानों ने चक्का जाम के दौरान राजमार्गों को बंद किया। प्रदर्शनकारी किसानों ने पलवल हाईवे समेत कई अन्य राजमार्गों को जाम किया। चक्का जाम के मद्देनजर दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया था।
तितरम मोड़ पर हजारों की संख्या में पहुंचे किसानों ने नेशनल हाइवे को जाम कर दिया। बच्चे, महिला और पुरुष पैदल, गाड़ियों और ट्रैक्टर ट्रालियों पर सवार होकर जाम स्थल पर पहुंचे। किसानों ने कहा कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं होते तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने सरकार को चेतावनी दी है कि कितना ही लम्बा समय लगे, प्रदर्शन जारी रहेगा, अगर सरकार यह समझती है कि लंबे समय के चलते आंदोलन कमजोर होगा तो सरकार की भूल है।

इन राजमार्गों को भी किया गया बंद
समाचार एजेंसियों के मुताबिक, किसान संगठनों का आह्वान पर बुलाये गये चक्का जाम के दौरान, किसानों ने जम्मू-पठानकोट हाईवे, अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे, शाहजहांपुर (राजस्थान-हरियाणा) बॉर्डर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम किया।