Monday, May 6, 2024
HomeUncategorizedअयोध्या वेलकम गेट प्रतियोगिता में जी.एल. बजाज की डिजाइन को दूसरा...

अयोध्या वेलकम गेट प्रतियोगिता में जी.एल. बजाज की डिजाइन को दूसरा स्थान

ब्यूटी सिंह, ज्ञाना मेहंदीरत्ता और आदर्श प्रताप शाही ने तैयार की डिजाइन
मथुरा। पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में इन दिनों भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य प्रगति पर है। मंदिर निर्माण और इसकी भव्यता को चार चांद लगाने की खातिर अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा हाल ही तीन श्रेणियों अयोध्या सिटी लोगो डिजाइन, अयोध्या साइनएज डिजाइन और अयोध्या वेलकम गेट डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। ब्रज मंडल के लिए खुशी की बात है कि अयोध्या वेलकम गेट्स श्रेणी में जी.एल. बजाज ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा की डिजाइन को दूसरा स्थान मिला है।
गौरतलब है कि अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में जी.एल. बजाज ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा के स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर के विद्यार्थियों ब्यूटी सिंह, ज्ञाना मेहंदीरत्ता और आदर्श प्रताप शाही ने भी प्रतिभागिता की थी, जिनके अयोध्या वेलकम गेट्स डिजाइन को दूसरा स्थान मिला है। इसकी जानकारी अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा ईमेल के जरिए दी गई है। इस डिजाइन को सवा लाख रुपये का नगद पारितोषिक भी मिलेगा।
जी.एल. बजाज के विद्यार्थियों ने अयोध्या आगमन पर श्रद्धालुओं को श्रीराम मंदिर से पहले प्रवेश द्वार मनमोहक और आकर्षक लगे, इसके लिए सुन्दर डिजाइन तैयार किया है। इस ब्यूटीफुल डिजाइन ने अयोध्या विकास प्राधिकरण का न केवल दिल जीता बल्कि श्रीराम मंदिर निर्माण में जी.एल. बजाज का नाम भी जोड़ दिया है। ज्ञातव्य है कि प्रथम तीन विजेताओं के डिजाइन को ही मूर्तरूप दिए जाने की सम्भावना है। इनमें से ही कोई एक डिजाइन अयोध्या के वेलकम गेट के रूप में नजर आएगी।
इस प्रतियोगिता में ब्यूटी सिंह ने जी.एल. बजाज की तरफ से लीड किया था। उनका सहयोग ज्ञाना मेहंदीरत्ता और आदर्श प्रताप शाही ने किया जोकि जीएल बजाज स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर मथुरा के ही विद्यार्थी हैं। ब्यूटी सिंह पिछले वर्ष तीन महीने धनबाद नगर निगम में बतौर इंटर्न काम कर चुकी हैं। इन्होंने धनबाद निगम को लगभग दस करोड़ रुपये की योजनाओं का डिजाइन तैयार करके दिया है। ब्यूटी सिंह के पिता विजय कृष्ण सिंह और मां गीता सिंह को जहां अपनी बेटी पर गर्व है वहीं आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल तथा संस्थान की निदेशक प्रो. (डॉ.) नीता अवस्थी न केवल खुश हैं बल्कि इन होनहार विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
चित्र कैप्शनः जीएल बजाज के विद्यार्थियों ब्यूटी सिंह, ज्ञाना मेहंदीरत्ता और आदर्श प्रताप शाही द्वारा तैयार की गई अयोध्या वेलकम गेट की डिजाइन।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments